खुरसा नाला और पुलिया पूरी तरह जलमग्न, तटीय इलाकों में प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

रामानुजगंज, 19 अगस्त 2026। उत्तरी छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। रामानुजगंज की कनहर नदी उफान पर है और इसका जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। नदी के तट से लगे सीसी रोड पर भी पानी बहने लगा है। कनहर नदी के बढ़ते जलस्तर से निचले इलाकों में आवागमन प्रभावित हो गया है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कनहर नदी के तटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।
खुरसा नाला और पुलिया पूरी तरह जलमग्न
पलटन घाट के पास कनहर नदी का जलस्तर बढ़ने से रामचंद्रपुर रोड पर स्थित खुरसा नाला पूरी तरह जलमग्न हो गया है। नाले की पुलिया भी पानी में डूब गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक पुलिया के ऊपर करीब 15 फीट तक पानी बह रहा है। तेज बहाव के कारण पुलिया से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
20-25 घरों का रामानुजगंज से संपर्क टूटा
पुलिया के डूबने से ग्राम पंचायत कनकपुर के अलमा गोदाम और लुर्गी के खुटहन पारा की रामानुजगंज नगर से कनेक्टिविटी प्रभावित हो गई है।
इन दोनों इलाकों के करीब 20 से 25 घरों का सीधा संपर्क नगर से टूट गया है। पुलिया के ऊपर तेज बहाव होने के कारण ग्रामीण एक ओर से दूसरी ओर नहीं जा पा रहे हैं। इससे दवा, राशन और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश जारी रही तो और बढ़ सकता है जलस्तर
मौसम विभाग के अनुसार क्षेत्र में बारिश का दौर अभी जारी है। ऐसे में कनहर नदी और आसपास के नालों का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है।
जब तक पानी का स्तर कम नहीं होता, तब तक जलमग्न पुलिया से आवागमन शुरू करना संभव नहीं है। लगातार बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त होने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की भी आशंका है।
प्रशासन और पुलिस की टीम लगातार कर रही निगरानी
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन मुस्तैद है। तहसीलदार मनोज कुमार पैकरा के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रही है।
कनहर नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की समझाइश दी जा रही है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
नदी-नालों के पास नहीं जाने की अपील
रामानुजगंज पुलिस ने लोगों से नदी और नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक नदी का बहाव बेहद तेज है, इसलिए किसी भी तरह का जोखिम उठाना जानलेवा हो सकता है।
लोगों से बाढ़ की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और अनावश्यक आवागमन से बचने को कहा गया है। प्रशासन ने बताया कि यदि जलस्तर और बढ़ता है तो राहत एवं बचाव दलों को तैनात किया जाएगा।
