इलाज कराकर घर लौट रहे युवक को महामाया चौक पर ऑटो सवारों ने घेरा, कुछ ही घंटों में पुलिस ने किया वारदात का खुलासा

बिलासपुर, 19 अगस्त 2026। बिलासपुर जिले के रतनपुर के महामाया चौक में आधी रात राहगीर को रोककर लूट की वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। ऑटो सवार युवकों ने इलाज कराकर घर लौट रहे एक युवक को घेर लिया और डंडे का डर दिखाकर उसकी जेब से नकदी लूट ली। घटना की शिकायत मिलते ही रतनपुर पुलिस सक्रिय हुई और कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया।
इलाज कराकर घर लौट रहा था युवक
पुलिस के मुताबिक ग्राम कर्रा निवासी युवराज सिंह 17 अगस्त की रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर से इलाज कराने के बाद अपने घर लौट रहा था।
रात करीब 12 बजे वह महामाया चौक स्थित कृष्णा ट्रेडर्स के पास पहुंचा। इसी दौरान ऑटो में सवार कुछ युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए पैसे की मांग की। युवराज ने जब पैसे नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उसे डंडा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।
डंडा दिखाकर जेब से निकाले ₹1200
डराने-धमकाने के बाद आरोपियों ने युवराज की पैंट की जेब से 1,200 रुपये नकद निकाल लिए। इसके बाद सभी आरोपी ऑटो में सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने रतनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा
शिकायत मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों और वारदात में इस्तेमाल ऑटो की तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को ऑटो सवार युवकों के सरकंडा थाना क्षेत्र के इमलीभाठा निवासी होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिस ने राहुल दुबे (25) और पवन कुमार गौहर (19) को गिरफ्तार किया। इनके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में लूट की वारदात स्वीकार
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 1,000 रुपये नकद बरामद किए।
इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो क्रमांक CG 10 CD 7944 भी जब्त किया गया है।
सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
