रायपुर से दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था नाबालिग, फिसलन भरे इलाके में सेल्फी लेने के बाद गहरे पानी में गिरा; 3 से 4 घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद मिला शव

गरियाबंद। जिले के गजपल्ला वाटरफॉल में रविवार को पिकनिक मनाने पहुंचे 17 वर्षीय नाबालिग की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रायपुर के गुढ़ियारी निवासी आदित्य के रूप में हुई है। वह अपने चार से पांच दोस्तों के साथ वाटरफॉल घूमने पहुंचा था।
सेल्फी लेने के दौरान फिसला पैर
बताया जा रहा है कि घूमने और मौज-मस्ती के दौरान आदित्य वाटरफॉल के बेहद फिसलन भरे हिस्से में सेल्फी लेने पहुंचा था। सेल्फी लेने के बाद वापस लौटते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह झरने के गहरे पानी में जा गिरा।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पांडुका पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और नगर सेवा के तैराकों की मदद से पानी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
3 से 4 घंटे बाद पत्थरों के बीच मिला शव
कई घंटों की तलाश के बाद वाटरफॉल के नीचे पत्थरों के बीच नाबालिग का शव फंसा हुआ मिला। करीब तीन से चार घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गरियाबंद भेज दिया।
जनपद सदस्य भीम निषाद ने कहा कि गरियाबंद में कई ऐसे वाटरफॉल हैं, जहां लोग हादसों का शिकार हो जाते हैं। उन्होंने पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत बताई।
दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आया था आदित्य
गरियाबंद डीएसपी नेहा सिंह के अनुसार, रायपुर से दोस्तों के साथ गजपल्ला वाटरफॉल घूमने आए एक नाबालिग की डूबने से मौत हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक सेल्फी लेने के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया।
मृतक के पड़ोसी सतीश कुमार ने बताया कि हादसा किस तरह हुआ, इसकी पूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि आदित्य के पिता उत्तर प्रदेश से आ रहे हैं।
पिछले साल भी हुई थी मौत
गजपल्ला वाटरफॉल में पिछले साल भी इसी सीजन के दौरान रायपुर की महविस फातिमा की डूबने से मौत होने की बात सामने आई थी। लगातार हो रहे हादसों के बाद एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
वाटरफॉल और झरनों में फिसलन भरे क्षेत्रों के पास जाने तथा सेल्फी लेने के दौरान विशेष सावधानी बरतना जरूरी है। प्रशासन की ओर से भी ऐसे स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत किए जाने की जरूरत महसूस हो रही है।




