बरदिहा रिसोर्ट में जुटे कंटेंट क्रिएटर्स, गंगरेल बांध से लेकर लोक-संस्कृति और खानपान को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बढ़ावा देने पर हुआ मंथन

धमतरी। जिले की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत और साहसिक पर्यटन को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से बरदिहा रिसोर्ट में ‘मॉनसून क्रिएटर मीट-अप 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से कंटेंट क्रिएटर्स शामिल हुए। इस दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से धमतरी के पर्यटन स्थलों, लोक-संस्कृति, खानपान और ग्रामीण जीवन को नई पहचान दिलाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
डिजिटल मीडिया के जरिए धमतरी को मिलेगी नई पहचान
कार्यक्रम में कलेक्टर धमतरी ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल मीडिया का है। रचनात्मक और जिम्मेदार कंटेंट के जरिए किसी अनजान जगह या स्थानीय प्रतिभा को कम समय में दुनिया भर तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि धमतरी की पहचान केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां गंगरेल बांध, पहाड़ियां, वन क्षेत्र, आदिवासी संस्कृति, ग्रामीण जीवन और स्थानीय खानपान जैसी कई विशेषताएं हैं। इन्हें ‘फूड, फेथ एंड कल्चर’ के नजरिए से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने की जरूरत है।
कुरुद में तैयार हो रहा ‘यूट्यूब रूम’
धमतरी में पर्यटन और डिजिटल कंटेंट को बढ़ावा देने के लिए क्रिएटर्स को नई सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा कुरुद में समर्पित ‘यूट्यूब रूम’ तैयार किया जा रहा है। इसी तरह धमतरी शहर में भी ऐसी डिजिटल सुविधा विकसित करने की योजना है।
इन सुविधाओं के माध्यम से स्थानीय युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स को वीडियो निर्माण, डिजिटल स्टोरीटेलिंग और सोशल मीडिया कंटेंट तैयार करने में बेहतर संसाधन मिल सकेंगे।
पर्यटन बढ़ने से युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के रास्ते
कार्यक्रम में पर्यटन को स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों के मुताबिक पर्यटन के विकास से होम-स्टे, स्थानीय परिवहन, टूरिस्ट गाइड, हस्तशिल्प, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और वीडियो एडिटिंग जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
जिले में पर्यटन के सुनियोजित और समग्र विकास के लिए पर्यटन समिति का गठन भी किया गया है। इसका उद्देश्य पर्यटन स्थलों के विकास के साथ स्थानीय समुदाय को इससे सीधे जोड़ना है।
स्थानीय लोगों को पर्यटन से जोड़ने पर जोर
जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आतिथ्य, स्वच्छता, होम-स्टे और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को पर्यटन गतिविधियों से सीधे रोजगार और आय के अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय की भागीदारी से धमतरी के पर्यटन मॉडल को अधिक प्रभावी और टिकाऊ बनाया जा सकता है।
क्रिएटर्स ने पर्यटन स्थलों का किया भ्रमण
मॉनसून क्रिएटर मीट-अप के दौरान शामिल कंटेंट क्रिएटर्स ने जिले के पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी किया। इस दौरान उन्होंने रील्स, शॉर्ट्स और ट्रैवल कंटेंट के जरिए डिजिटल स्टोरीटेलिंग के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागी कंटेंट क्रिएटर्स को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के जरिए धमतरी के पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को डिजिटल माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में एक नई पहल के रूप में इसे देखा जा रहा है।
