जयस्तंभ चौक की दुकानों से लाखों की नगदी और चांदी चोरी कर नागपुर भागा आरोपी, राजनांदगांव के चिचोला बस स्टैंड से पुलिस ने दबोचा

रायगढ़, 10 सितंबर। घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक में पिछले महीने हुई सिलसिलेवार चोरी की वारदात का रायगढ़ पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, दो किराना दुकानों में सेंधमारी कर लाखों रुपये की नगदी, चांदी के सिक्के, चांदी का बिस्किट और किराना सामान चोरी करने वाले आरोपी को राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसके मेमोरंडम के आधार पर कुल 6,30,286 रुपये की संपत्ति बरामद करने का दावा किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई।
एक ही रात दो दुकानों में सेंधमारी CCTV से मिला सुराग
पुलिस के अनुसार 23-24 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात घरघोड़ा के जयस्तंभ चौक स्थित संतोष किराना दुकान को निशाना बनाया गया। आरोपी टीन शीट और दीवार के बीच बनी जगह से फॉल सीलिंग तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हुआ।
दुकान के गल्ले से करीब 4 लाख रुपये की नगदी, चांदी के सिक्के और चांदी का बिस्किट चोरी किए जाने की शिकायत सामने आई।
इसी रात पास स्थित गोकुलचंद मामराज किराना दुकान में भी इसी तरीके से सेंधमारी की गई। यहां से करीब 90 हजार रुपये की नगदी समेत अन्य सामान चोरी किया गया।
दोनों मामलों में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 265/2026 और 266/2026 के तहत BNS की धारा 331(4), 305(ए) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसे भी पढ़े…..
आज का राशिफल 10 सितंबर 2026: आज खुल सकता है किस्मत का दरवाजा, इन 5 राशियों को मिलेगा बड़ा लाभ!
कृपया मेरे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करे : धन्यवाद…
100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच से मिला सुराग
सिलसिलेवार चोरी को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुलिस टीम को आरोपी की जल्द पतासाजी के निर्देश दिए।
एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी और साइबर डीएसपी शिखर मरावी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू और साइबर टीम ने आसपास लगे 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले।
फुटेज में नजर आए संदिग्ध के हुलिए के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान ग्राम बरपाली नवाडीह निवासी संतोष चौहान के रूप में की। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला।
चोरी के पैसों से खरीदा मोबाइल, फिर नागपुर भागा
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि संदिग्ध ने चोरी की रकम से लैलूंगा की तमन्ना मोबाइल दुकान से नया मोबाइल खरीदा था।
तकनीकी निगरानी के जरिए पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन नागपुर में मिलने के बाद पुलिस टीम वहां रवाना हुई। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी नागपुर से भी आगे भागने की कोशिश कर रहा था।
इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा करते हुए राजनांदगांव जिले के चिचोला बस स्टैंड में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में दोनों दुकानों में चोरी की बात स्वीकार करने का दावा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने दोनों दुकानों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह दोनों दुकानों में सामान खरीदने के लिए अक्सर जाता था और दुकानों की स्थिति से परिचित था।
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त की रात तेज बारिश के दौरान उसने चोरी की योजना बनाई। चेहरे की पहचान छिपाने के लिए उसने गमछा बांधा और पहले संतोष किराना दुकान की छत से फॉल सीलिंग तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
इसके बाद बगल की गोकुलचंद मामराज किराना दुकान में भी इसी तरीके से दाखिल होकर नगदी और किराना सामान चोरी किया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने चोरी की रकम से 19,300 रुपये में Samsung A-07 मोबाइल खरीदा। इसके अलावा करीब 25 हजार रुपये घूमने-फिरने और खाने-पीने में खर्च करने की बात भी पूछताछ में सामने आई।
6.30 लाख रुपये से ज्यादा की संपत्ति बरामद
पुलिस ने आरोपी के मेमोरंडम के आधार पर दोनों मामलों में निम्न सामान बरामद करने की जानकारी दी है—
- 2,64,146 रुपये नगद
- 1 किलो 508 ग्राम चांदी, अनुमानित कीमत 3,46,840 रुपये
- Samsung कंपनी का Android मोबाइल
- सफेद-संतरा रंग का चेकदार गमछा
पुलिस के अनुसार बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 6,30,286 रुपये है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी सतीष चौहान, पिता स्व. नान्हूराम चौहान, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बरपाली नवाडीह, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ को दोनों मामलों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने में एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, साइबर डीएसपी शिखर मरावी, थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, थाना प्रभारी साइबर विजय चेलक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शुभम मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो समेत पुलिस एवं साइबर टीम के अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्थानीय युवक कालिया गुप्ता और जनेश्वर कुर्रे के योगदान का भी पुलिस ने उल्लेख किया है।
एसएसपी ने कहा- तकनीकी निगरानी से आरोपी तक पहुंचे
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपराध के बाद आरोपी कितना भी दूर भागे, तकनीकी निगरानी और लगातार प्रयासों से उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि घरघोड़ा चोरीकांड में पुलिस टीम ने 100 से अधिक CCTV फुटेज की जांच की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर नागपुर से राजनांदगांव तक उसका पीछा किया।
इसे भी पढ़े…..
- जशपुर में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तैयारियों की समीक्षा की

- जशपुर के युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर चमकने का मौका, 25 सितंबर तक क्विज में भाग लेने का अवसर

- सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’, मंत्री टंक राम वर्मा ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश

- रायगढ़ में 14 सितंबर से सजेगा कला का महासंगम, 10 दिनों तक चक्रधर समारोह में देशभर के कलाकारों की प्रस्तुति

- कवर्धा ट्रांसपोर्ट नगर को लेकर डिप्टी CM विजय शर्मा ने लिया जायजा, नए स्थान पर बनी सहमति की दिशा में चर्चा

Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
