Highlight Lines
🔴 बंगाल की खाड़ी के डिप्रेशन से अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट
🔴 रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में नदी-नाले उफान पर
🔴 बारिश से 38 से अधिक मौतें, कई जिलों में रेस्क्यू जारी
🔴 पहली बार मोबाइल पर इमरजेंसी सायरन भेजकर लोगों को किया गया अलर्ट
रायपुर।
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र (डिप्रेशन) और उससे जुड़ी द्रोणिका के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मानसून ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश और कई जिलों में भारी से अतिभारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं।
रायपुर में 25.7 मिमी बारिश, बारिश की कमी पूरी होने की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में रायपुर में 25.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। प्रदेश में अब तक कुल 411.8 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य बारिश की तुलना में लगभग 21 प्रतिशत कम है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मौजूदा सिस्टम के सक्रिय रहने से आने वाले दिनों में बारिश का कोटा काफी हद तक पूरा हो सकता है।

खारुन और शिवनाथ नदी में डूबने से तीन लोगों की मौत
भारी बारिश के बीच नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से हादसे भी बढ़ गए हैं। भिलाई के अमलेश्वर स्थित जमराव में खारुन नदी में पिकनिक के दौरान बह गए रायपुर निवासी टोमेश ध्रुव (22) का शव एसडीआरएफ ने बरामद कर लिया। वहीं शिवनाथ नदी में जन्मदिन मनाने के दौरान बह गए आरव बंजारे (13) का शव भी बरामद हुआ। इससे पहले उनके साथी रेहान खान (14) का शव निकाला जा चुका था।
मानसून सीजन में 38 से अधिक लोगों की गई जान
प्रदेश में इस मानसून सीजन के दौरान बारिश, बाढ़, आकाशीय बिजली और उफनते नदी-नालों को पार करने के प्रयास में अब तक 38 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। सारंगढ़ के लात नाला में कार समेत बह गए व्यवसायी दंपती देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल की तलाश अब भी जारी है। एसडीआरएफ और बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

पहली बार मोबाइल पर भेजा गया इमरजेंसी अलर्ट
भारी बारिश की चेतावनी देने के लिए मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने पहली बार मोबाइल फोन पर इमरजेंसी अलर्ट सायरन जारी किया। अचानक तेज आवाज के साथ आए इस अलर्ट से कई लोग घबरा गए, लेकिन बाद में स्क्रीन पर जारी संदेश में स्पष्ट किया गया कि यह मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनी है। संदेश में रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कई जिलों में अगले तीन घंटे के भीतर भारी से अतिभारी बारिश की संभावना जताई गई और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई।
