Highlight Lines
🔴 जल जीवन मिशन से बिड़ौरी के 150 परिवारों को मिला नल कनेक्शन
🔴 40 किलोलीटर क्षमता का उच्च स्तरीय जलागार हुआ तैयार
🔴 महिलाओं को पानी लाने की परेशानी से मिली राहत
🔴 स्वच्छ पेयजल से जलजनित बीमारियों में आई कमी
खैरागढ़। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के तहत खैरागढ़ जिले के विकासखंड छुईखदान की ग्राम पंचायत आमगांव के आश्रित ग्राम बिड़ौरी में हर घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से गांव के 150 परिवारों को अब घर बैठे नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

40 किलोलीटर जलागार और पाइपलाइन से हर घर तक पानी
ग्राम बिड़ौरी में 40 किलोलीटर क्षमता का उच्च स्तरीय जलागार बनाकर व्यापक पाइपलाइन नेटवर्क विकसित किया गया है। इसके माध्यम से 638 आबादी वाले गांव के सभी 150 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान हुआ है।

महिलाओं और बच्चों को मिली बड़ी राहत
योजना लागू होने से पहले महिलाओं और बच्चों को रोजाना दूर-दराज के जल स्रोतों से पानी लाना पड़ता था। अब घर-घर नल से पानी मिलने के कारण महिलाओं का समय और श्रम बच रहा है, जबकि बच्चों को पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के लिए अधिक समय मिल रहा है।
स्वास्थ्य और स्वच्छता में हुआ सुधार
स्वच्छ पेयजल की नियमित उपलब्धता से गांव में जलजनित बीमारियों का खतरा कम हुआ है। साथ ही ग्रामीणों में स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है, जिससे जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
जल संरक्षण पर भी दिया जा रहा जोर
जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीणों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों की सुरक्षा और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से योजना का संचालन और रखरखाव भी बेहतर तरीके से किया जा रहा है।
