महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त का भुगतान
🔴 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी की
🔴 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी से 630.55 करोड़ रुपये ट्रांसफर
🔴 योजना के तहत अब तक 19,444.33 करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान
🔴 महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और स्वरोजगार के लिए कर रही हैं राशि का उपयोग
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 630.55 करोड़ रुपये अंतरित किए। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक 19,444.33 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है।

मातृशक्ति के सम्मान और आत्मनिर्भरता का अभियान
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान, आत्मनिर्भरता और परिवारों की समृद्धि का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, सुकन्या समृद्धि योजना में निवेश और स्वरोजगार जैसे कार्यों में कर रही हैं।
महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत आधारशिला है। राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए लगातार योजनाओं और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
ऐसे चेक करें महतारी वंदन योजना का भुगतान
महतारी वंदन योजना की लाभार्थी महिलाएं अपना भुगतान स्टेटस ऑनलाइन भी चेक कर सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद होम पेज पर ‘आवेदन एवं भुगतान की स्थिति’ विकल्प पर क्लिक करें। यहां Beneficiary Code या मोबाइल नंबर दर्ज करें और कैप्चा भरकर Submit करें। इसके बाद स्क्रीन पर आवेदन और भुगतान से जुड़ी पूरी जानकारी दिखाई देगी।
