गंगरेल से 4,670 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, महानदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका; प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की दी सलाह

धमतरी, 3 सितंबर 2026। धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। जिले के प्रमुख जलाशयों में पानी तेजी से बढ़ रहा है और कई जलाशय लगभग भर चुके हैं। कैचमेंट एरिया से लगातार हो रही भारी आवक को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर गंगरेल बांध (रविशंकर सागर जलाशय) के तीन गेट खोल दिए गए हैं।
गंगरेल बांध से कुल 4,670 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसमें करीब 3,360 क्यूसेक पानी महानदी में प्रवाहित हो रहा है, जबकि 1,410 क्यूसेक पानी रुद्री बैराज के रास्ते मुख्य नहर में छोड़ा जा रहा है।
जलाशयों में लगातार बढ़ रहा पानी
जिले के प्रमुख जलाशयों में लगातार पानी की आवक बनी हुई है। मौजूदा स्थिति के अनुसार मुरूमसिल्ली जलाशय 98.61 प्रतिशत भर चुका है और इसमें करीब 362 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है।
वहीं गंगरेल जलाशय 97.40 प्रतिशत भर चुका है और यहां करीब 3,365 क्यूसेक पानी की आवक दर्ज की जा रही है। इसके अलावा दुधावा जलाशय 86.86 प्रतिशत और सोंढूर जलाशय 69.25 प्रतिशत तक भर चुके हैं। दुधावा में करीब 437 क्यूसेक और सोंढूर में 167 क्यूसेक पानी की आवक बनी हुई है।
जलाशयों में लगातार बढ़ते जलस्तर और पानी के दबाव को नियंत्रित करने के लिए गंगरेल से महानदी में पानी छोड़ा जा रहा है।
महानदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में महानदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में बसे गांवों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।
कलेक्टर ने अधिकारियों और मैदानी अमले को 24 घंटे सतर्क रहने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
निचले इलाकों में मुनादी, राहत केंद्र तैयार
प्रशासन की ओर से तटीय और निचले इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर बनाए गए राहत केंद्रों तक पहुंचाने की तैयारी भी रखी गई है।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के पास न जाएं। उफनती नदी या नाले को पार करने की कोशिश न करें, क्योंकि जलस्तर अचानक बढ़ सकता है।
प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाहों पर भरोसा न करने और केवल अधिकृत प्रशासनिक सूचनाओं को ही सही मानने की अपील की है।
इसे भी पढ़े…..
जन्माष्टमी पर रायगढ़ में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 2 से 6 सितंबर तक एकांगी मार्ग व्यवस्था; जानें डायवर्सन और पार्किंग की पूरी जानकारी
कृपया मेरे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करे : धन्यवाद…
इसे भी पढ़े…..
- दल्लीराजहरा के गार्डन में भीषण आग, सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए सजावटी पुतले जलकर खाक

- भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से कथित धोखाधड़ी मामले में रायपुर के कारोबारी की गिरफ्तारी टली, पुलिस पहुंचने से पहले फरार

- रायगढ़ पुलिस की दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश, 29 जुआरी गिरफ्तार; 9 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त

- नक्सलमुक्त बस्तर के कई गांवों में पहली बार मनेगी दिवाली, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दी शुभकामनाएं

- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा दिव्या पुरी को लिखा पत्र, पढ़ाई और आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रोत्साहित

Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
