तीज महोत्सव में राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा और विधायक भावना बोहरा भी हुईं शामिल, पारंपरिक परिधानों में महिला पत्रकारों ने बढ़ाया आयोजन का उत्साह

रायपुर। रायपुर प्रेस क्लब में रविवार को महिला पत्रकारों के लिए आयोजित तीज महोत्सव पारंपरिक उल्लास, उमंग और आत्मीयता से सराबोर रहा। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हुईं और महिला पत्रकारों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेने के साथ पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक भी किया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और विधायक श्रीमती भावना बोहरा भी विशेष रूप से शामिल हुईं। दोनों ने महिला पत्रकारों के साथ तीज की खुशियां साझा कीं और रैंप वॉक में हिस्सा लेकर आयोजन की रौनक बढ़ाई।
पारंपरिक परिधानों में नजर आया आत्मविश्वास
तीज महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रैंप वॉक रहा। महिला पत्रकारों ने पारंपरिक परिधानों में सादगी, सौंदर्य और आत्मविश्वास के साथ रैंप पर अपनी प्रस्तुति दी। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का सिर पर पल्लू लेकर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी अंदाज में रैंप वॉक करना खास आकर्षण रहा।
रैंप वॉक के दौरान प्रेस क्लब परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। महिला पत्रकारों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
खेल और प्रतियोगिताओं ने बढ़ाई रौनक
तीज महोत्सव में महिला पत्रकारों के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। महिला पत्रकारों ने इनमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हंसी-मजाक और मनोरंजन के बीच प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम के माहौल को और खुशनुमा बना दिया।
महिला पत्रकारों के योगदान की सराहना
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीज छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और महिलाओं के उल्लास से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने रायपुर प्रेस क्लब की ओर से महिला पत्रकारों के लिए आयोजित तीज महोत्सव को सराहनीय पहल बताया।
उन्होंने कहा कि महिला पत्रकार पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते हुए समाज की आवाज को मजबूती से सामने रखने का काम कर रही हैं। ऐसे आयोजन उन्हें व्यस्त कार्यदायित्वों के बीच आपसी संवाद और आत्मीयता के साथ उत्सव मनाने का अवसर देते हैं।
राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा ने भी तीज को महिलाओं की खुशियों, आत्मीयता और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा पर्व बताया। वहीं विधायक भावना बोहरा ने महिला पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज के महत्वपूर्ण मुद्दों को सामने लाने में अहम योगदान दे रही हैं।
महिला पत्रकारों को दिए गए रिटर्न गिफ्ट
कार्यक्रम के समापन पर महिला पत्रकारों को रिटर्न गिफ्ट भी दिए गए। उपहार मिलने पर महिला पत्रकारों में उत्साह देखने को मिला। तीज के पारंपरिक रंग, रैंप वॉक, खेल-प्रतियोगिताओं और आपसी मेलजोल ने पूरे प्रेस क्लब परिसर को उत्सव के माहौल में बदल दिया।
कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू एवं भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकार और प्रेस क्लब सदस्य मौजूद रहे।
