राजधानी रायपुर में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती एक महिला को लाखों रुपये की चपत लगाकर चली गई। विदेशी गिफ्ट भेजने का झांसा देकर साइबर ठगों ने कुशालपुर निवासी 28 वर्षीय महिला से 3 लाख 23 हजार 998 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Highlight Lines
🔴इंस्टाग्राम दोस्ती के नाम पर महिला से 3.24 लाख की ठगी
🔴विदेशी गिफ्ट भेजने का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने बनाया शिकार
🔴कस्टम और एयरपोर्ट चार्ज के नाम पर वसूले लाखों रुपये
🔴20 दिन में कई किश्तों में खाते से उड़ाए 3.23 लाख रुपये
🔴पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने दर्ज किया साइबर ठगी का मामला
पुलिस के अनुसार कुशालपुर स्थित दंतेश्वरी मंदिर के पास रहने वाली रोशनी चतुर्वेदी की करीब दो वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर “drkhan666” नाम की आईडी से दोस्ती हुई थी। पहले आरोपी ने लगातार चैटिंग कर महिला का विश्वास जीता, फिर उसका मोबाइल नंबर लेकर व्हाट्सएप पर बातचीत शुरू कर दी। इस दौरान उसने महिला से फोटो और वीडियो भी मंगवाए।
कुछ समय बाद आरोपी ने महिला को बताया कि वह विदेश से उसके लिए महंगे गिफ्ट भेज रहा है। उसने महिला का घर का पता लिया और भरोसा दिलाया कि एयरपोर्ट के माध्यम से पार्सल उसके घर पहुंच जाएगा।
इसके बाद चार जून को महिला के पास एक अन्य नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को दिल्ली एयरपोर्ट की कंपनी का कर्मचारी बताते हुए कहा कि गिफ्ट छुड़ाने के लिए पहले 6 हजार रुपये जमा करने होंगे। इसके बाद कस्टम ड्यूटी, टैक्स, प्रोसेसिंग फीस और अन्य चार्ज के नाम पर लगातार अलग-अलग रकम मांगी जाती रही।
महिला ने 4 जून से 20 जून के बीच अपने बैंक ऑफ बड़ौदा खाते और च्वाइस सेंटर के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में 3 लाख 23 हजार 998 रुपये यूपीआई ट्रांजेक्शन के जरिए आरोपियों के खातों में भेज दिए। जब गिफ्ट नहीं पहुंचा और आरोपियों ने संपर्क करना बंद कर दिया, तब महिला को अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ।
फिलहाल पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने और विदेशी गिफ्ट या लॉटरी के नाम पर किसी भी प्रकार का ऑनलाइन भुगतान करने से पहले पूरी तरह सतर्क रहें।
