बिलासपुर। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था टीम मानवता ने रविवार को इको संडे ड्राइव अभियान चलाया। इस दौरान मंगला चौक से महर्षि स्कूल होते हुए उसलापुर स्टेशन मार्ग तक पेड़ों में ठोंकी गई कीलें, तार, प्लास्टिक की रस्सियां और विज्ञापन पोस्टर हटाकर उन्हें नुकसान से बचाया गया।

Highlight Lines
🔴टीम मानवता ने चलाया इको संडे ड्राइव अभियान
🔴पेड़ों से हटाई गई कीलें, तार और पोस्टर
🔴पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
🔴व्यापारियों और नागरिकों से की गई विशेष अपील
🔴राहगीरों ने भी पेड़ों पर पोस्टर नहीं लगाने का लिया संकल्प
अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने कटर और प्लास की मदद से पेड़ों के तनों में धंसी लोहे की कीलों को सावधानीपूर्वक निकाला। साथ ही पुराने पोस्टर और बैनर हटाकर पेड़ों को उनके प्राकृतिक स्वरूप में लाने का प्रयास किया गया।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि पेड़ों में कील ठोकने से उनमें संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे वे धीरे-धीरे कमजोर होकर गिर भी सकते हैं। इसलिए लोगों को पेड़ों को विज्ञापन का माध्यम बनाने से बचना चाहिए।
टीम मानवता ने नगर निगम, व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की कि पेड़ों पर पोस्टर, बैनर या बोर्ड न लगाएं और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।
इस अभियान का सकारात्मक असर भी देखने को मिला। कई दुकानदारों और राहगीरों ने भविष्य में पेड़ों पर पोस्टर नहीं लगाने का संकल्प लिया और संस्था की इस पहल की सराहना की।
