बड़पारा शराब भट्ठी के पास सब्जी कारोबारी से मारपीट कर ₹5 हजार और बाइक लूटने का आरोप; कोतवाली पुलिस ने CCTV से आरोपियों की पहचान की

रायगढ़। बड़पारा शराब भट्ठी के पास हुई लूट की घटना में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की गई HF Deluxe मोटरसाइकिल CG 13 BF 9616, जिसकी कीमत करीब ₹60 हजार बताई गई है, बरामद की है। दोनों आरोपियों को 21 सितंबर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
शराब भट्ठी के पास सब्जी कारोबारी से लूट
पुलिस के अनुसार ग्राम गोतमा निवासी गजानन प्रधान (32) ने 19 सितंबर को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 15 सितंबर को वह सब्जी बिक्री की रकम जमा करने हटरी चौक जा रहा था।
दोपहर करीब 2:30 बजे वह बड़पारा शराब भट्ठी पहुंचा। आरोप है कि वहां दो लोगों ने उससे शराब पीने के लिए ₹100 मांगे। रुपये देने के बाद आरोपियों ने शराब की मांग की और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने उसकी शर्ट की जेब से ₹5 हजार नकद निकाल लिए और बाइक की चाबी छीनकर मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
CCTV फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान
शिकायत के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। प्रार्थी और गवाहों से मिले हुलिए के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान संजय शर्मा उर्फ सोनू (30) और गणेश शर्मा (25), दोनों निवासी सोनुमुड़ा देवारपारा, रायगढ़ के रूप में की।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पहचान कार्रवाई कराई, जिसमें शिकायतकर्ता ने दोनों की पहचान की।
₹60 हजार की बाइक बरामद
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। लूटी गई ₹5 हजार की रकम खर्च हो जाने की जानकारी आरोपियों ने दी। वहीं संजय शर्मा के मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने काले रंग की HF Deluxe मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त की।
मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर
यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और लूटी गई संपत्ति की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।
