माही विज, उदिति सिंह और यंग DSA की सहमति से छीनी गई लाइफलाइन, मिड-वीक एविक्शन के बाद शो से बाहर हुईं रीति
बिग बॉस 20 के घर से रीति तिवारी के एविक्शन की खबर सामने आई है। भोजपुरी अभिनेता और नेता मनोज तिवारी की बेटी रीति का शो में सफर अचानक खत्म हो गया। खास बात यह रही कि इस बार उनका एविक्शन जनता की वोटिंग के आधार पर नहीं हुआ, बल्कि घर के तीन कंटेस्टेंट्स को मिली विशेष पावर के फैसले से हुआ।

कैप्टेंसी टास्क में मिली खास पावर
कैप्टेंसी टास्क के दौरान माही विज, उदिति सिंह और यंग DSA को बिग बॉस की ओर से विशेष अधिकार दिया गया। तीनों को सीक्रेट रूम में बुलाकर घर के किसी एक सदस्य की लाइफलाइन छीनने का विकल्प दिया गया।
काफी चर्चा के बाद तीनों ने रीति तिवारी का नाम चुना। रीति पहले ही अपनी एक लाइफलाइन गंवा चुकी थीं। ऐसे में बची हुई लाइफलाइन भी छिनने के बाद उन्हें शो से बाहर होना पड़ा।
विवादों को लेकर भी चर्चा में रहीं रीति
शो में रीति तिवारी पिछले कुछ दिनों से अपने बयानों और अन्य कंटेस्टेंट्स के साथ बहस को लेकर चर्चा में थीं। उदिति सिंह और काजी तौकीर के साथ उनके विवादों ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।
सलमान खान ने भी दी थी नसीहत
वीकेंड का वार में सलमान खान ने रीति के व्यवहार और भाषा को लेकर उन्हें समझाया था। काजी तौकीर को कथित धमकी और उदिति सिंह के खिलाफ की गई टिप्पणियों को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। इसके बाद रीति के व्यवहार में बदलाव देखने को मिला, लेकिन उनका सफर ज्यादा आगे नहीं बढ़ सका।
रॉकस्टार बनने का सपना रह गया अधूरा
रीति तिवारी बिग बॉस के घर में अपनी अलग पहचान बनाने और रॉकस्टार बनने का सपना लेकर पहुंची थीं। हालांकि, विवादों और फिर मिड-वीक एविक्शन के कारण उनका बिग बॉस 20 का सफर बीच में ही खत्म हो गया।
