अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर शॉल-माला से सम्मान | जरूरतमंदों को वॉकिंग स्टिक, श्रवण यंत्र और व्हीलचेयर की सुविधा
एमसीबी जिले के पोड़ी चिरमिरी स्थित मंगल भवन में चल रहे मेगा स्वास्थ्य शिविर में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में बुजुर्गों का शॉल और माला से सम्मान किया गया। जरूरतमंद वृद्धजनों को वॉकिंग स्टिक सहित विभिन्न सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।

स्वास्थ्य शिविर में बुजुर्गों का सम्मान
कार्यक्रम महापौर रामनरेश राय की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस दौरान बुजुर्गों को शॉल और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। जरूरतमंद वृद्धजनों को वॉकिंग स्टिक भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में सभापति संतोष सिंह सहित जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे के मार्गदर्शन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिशिर जायसवाल के सहयोग और खंड चिकित्सा अधिकारी खड़गवां डॉ. मनीष प्रताप सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है।
100 श्रवण यंत्र और 150 वॉकिंग स्टिक वितरित
30 सितंबर से शुरू हुए शिविर में स्वास्थ्य विभाग और समाज कल्याण विभाग के संयुक्त समन्वय से स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पात्रता और चिकित्सकीय जांच के आधार पर श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक और व्हीलचेयर सहित अन्य उपकरण वितरित किए जा रहे हैं।
शिविर में अब तक करीब 100 श्रवण यंत्र और 150 वॉकिंग स्टिक वितरित की जा चुकी हैं। वहीं 450 से अधिक लोगों की दृष्टि जांच की गई है। जांच के परिणाम और जरूरत के अनुसार संबंधित लोगों को चश्मे वितरित किए जाएंगे।
बुजुर्गों की देखभाल पर जोर
महापौर रामनरेश राय ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान और उनकी जरूरतों के प्रति संवेदनशीलता समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने परिवार और समाज से बुजुर्गों की देखभाल में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि शिविर में स्वास्थ्य समस्याओं के साथ सहायक उपकरणों की जरूरत का भी आकलन किया जा रहा है। जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श, आगे के उपचार और रेफरल में सहयोग दिया जा रहा है।
NPHCE के जरिए स्वस्थ वृद्धावस्था का संदेश
जिला नोडल अधिकारी डॉ. नम्रता चक्रवर्ती ने राष्ट्रीय वृद्धजन स्वास्थ्य देखभाल कार्यक्रम (NPHCE) और अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के नागरिकों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था को बढ़ावा देना है।
समाज कल्याण विभाग की श्रीमती अंजना बेक ने वृद्धाश्रम संबंधी व्यवस्थाओं और पात्र हितग्राहियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी।
