चरित्र शंका को लेकर विवाद के बाद हमले का आरोप | गंभीर हालत में महिला को रायपुर किया गया रेफर
बिलासपुर के हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़सरा में पारिवारिक विवाद के दौरान एक गर्भवती महिला पर रॉड से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने गर्भस्थ शिशु को मृत घोषित कर दिया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रायपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

तीन साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार चकरभाठा क्षेत्र की रहने वाली सभ्या की शादी करीब तीन साल पहले बोड़सरा निवासी आशीष कौशिक से हुई थी। शुक्रवार रात दोनों घर पर थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए गाली-गलौज की। विरोध करने पर विवाद मारपीट में बदल गया।
रॉड से हमले में महिला गंभीर घायल
पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने रॉड से पत्नी पर हमला कर दिया। महिला के गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकीय जांच में गर्भस्थ शिशु की मौत की पुष्टि हुई।
महिला की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया है।
पहले भी मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले भी घर में मारपीट करने के आरोप लगे हैं। करीब पांच महीने पहले पत्नी के मायके में रहने के दौरान रात में खाना देर से देने की बात को लेकर आरोपी ने अपनी वृद्ध मां के साथ भी मारपीट की थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के घरवालों से आए दिन विवाद और मारपीट करने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में बोड़सरा सहित संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
