धमधा थाने में शिकायत के बाद पॉक्सो एक्ट में केस | नवजात और आरोपित किशोर का DNA टेस्ट कराने की तैयारी
भिलाई के धमधा थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के नवजात को जन्म देने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा है। किशोरी ने आरोप लगाया है कि एक नाबालिग युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बच्चे के जन्म के बाद युवक ने नवजात को अपना मानने से इनकार कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोशल मीडिया से हुई थी पहचान
शिकायत के अनुसार करीब डेढ़ साल पहले इंटरनेट के जरिए किशोरी की पहचान एक नाबालिग युवक से हुई थी। युवक का किशोरी के गांव में रहने वाले एक पड़ोसी के घर आना-जाना था। इसी वजह से दोनों की मुलाकात होने लगी और बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने का आरोप है।
किशोरी का कहना है कि युवक ने शादी करने का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी युवक को दी गई तो उसने शादी के लिए सहमति जताई थी।
बाद में शादी से किया इनकार
किशोरी के मुताबिक, बाद में युवक ने परिजनों के दबाव का हवाला देते हुए शादी करने से इनकार कर दिया। किशोरी के माता-पिता अलग-अलग रहते हैं और वह अपनी नानी के साथ रह रही थी। कुछ दिन पहले उसने नवजात बच्चे को जन्म दिया।
बच्चे के जन्म की जानकारी युवक को मिलने के बाद उसने कथित तौर पर नवजात को अपना बच्चा मानने से इनकार कर दिया।
धमधा थाने में शिकायत, पॉक्सो एक्ट में केस
युवक द्वारा बच्चे की जिम्मेदारी स्वीकार नहीं करने के बाद किशोरी ने धमधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है।
चूंकि मामले में दोनों संबंधित पक्ष नाबालिग बताए जा रहे हैं, पुलिस उनकी पहचान और अन्य व्यक्तिगत विवरणों को गोपनीय रखते हुए जांच कर रही है।
DNA जांच से सामने आएगा तथ्य
पुलिस अब नवजात और आरोपित नाबालिग युवक का DNA परीक्षण कराने की तैयारी में है। जांच के बाद बच्चे के जैविक पिता से संबंधित तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस किशोरी की शिकायत में लगाए गए आरोपों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
