बरमकेला के सण्डा में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य जांच, आवास, दस्तावेज, कृषि और पोषण से जुड़ी सेवाएं मिलीं

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बरमकेला विकासखंड के ग्राम पंचायत सण्डा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिला। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को जरूरी सरकारी सेवाएं गांव के नजदीक उपलब्ध कराना रहा।
कई विभागों ने लगाए स्टॉल
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देशन में विभिन्न विभागों ने शिविर में स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र और सहायता सामग्री भी वितरित की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने बीपी, शुगर और टीबी की स्क्रीनिंग के साथ जरूरतमंदों को दवाइयां उपलब्ध कराईं। किसानों के लिए एग्री स्टैक पंजीयन की सुविधा भी दी गई।
आवास और जरूरी दस्तावेजों का मिला लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना के 5 हितग्राहियों को पक्के मकान की चाबी सौंपी गई। राजस्व विभाग ने 102 लोगों को बी-1, खसरा, फौती नामांतरण, प्रॉपर्टी कार्ड और बी-1 बंटवारा से संबंधित दस्तावेज प्रदान किए।
आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 हितग्राहियों को कार्ड और आधार कार्ड से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
कृषि और स्वरोजगार से जुड़ी सहायता
मत्स्य विभाग ने 2 हितग्राहियों को जाल और आईसबॉक्स प्रदान किए। उद्यानिकी विभाग ने 9 लोगों को पौधे और कृषि विभाग ने 10 हितग्राहियों को जैविक कीटनाशक वितरित किए। पशु विभाग की ओर से 3 महिला हितग्राहियों को गाय भी प्रदान की गई।
गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन
महिला एवं बाल विकास विभाग ने 9 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर पोषण टोकरी प्रदान की। वहीं 5 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। इस दौरान मातृ एवं शिशु पोषण को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
ग्रामीणों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील
सीईओ संजू पटेल ने ग्रामीणों से विभागीय स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रतानुसार लाभ प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को ग्रामीणों के लिए अधिक सुलभ बनाना और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ना है।
शिविर में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, अधिकारी-कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
