जिला कोषालय, तहसील और एसडीएम कार्यालय पहुंचीं कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण पर जोर

सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सोमवार को सारंगढ़ स्थित जिला कोषालय, तहसील कार्यालय और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, अभिलेखों और लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कोषालय की व्यवस्थाओं का जायजा
कलेक्टर ने जिला कोषालय पहुंचकर कोष-लेखा से जुड़े कार्यों और अभिलेखों के संधारण की जानकारी ली। उन्होंने शासकीय वित्तीय कार्यों और दस्तावेजों को नियमानुसार व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कोषालय अधिकारी उत्तम कुमार तुर्काने, सहायक कोषालय अधिकारी हरिराम पटेल और खजांची हेमराज सिदार मौजूद रहे।
तहसील कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण
इसके बाद कलेक्टर ने उप पंजीयक एवं रजिस्ट्रार कार्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। तहसील कार्यालय में उन्होंने तहसीलदार कक्ष, नायब तहसीलदार कक्ष, वासिल बाकी नवीस शाखा, नायब नाजिर शाखा और अभिलेखागार शाखा का निरीक्षण किया।
उन्होंने शाखावार कार्यों और प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए दस्तावेजों एवं अभिलेखों को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
राजस्व प्रकरणों के जल्द निराकरण पर जोर
कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने काम के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने लंबित प्रकरणों पर नियमित निगरानी रखने और कार्यों में पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम कार्यालय और न्यायालय कक्ष का निरीक्षण
कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं, स्टेनो कक्ष और एसडीएम न्यायालय कक्ष का अवलोकन कर राजस्व संबंधी कार्यों और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
