22 वर्षीय छात्रा पर हमले की पुलिस ने खोली परतें, अन्य पुरुष मित्रों से बातचीत को लेकर प्रेमी था नाराज; दोस्त ने वारदात को दिया अंजाम

पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया खुलासा
बालोद: नगर के आमापारा में 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके प्रेमी और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, छात्रा का प्रेमी यश सोनकर उसकी अन्य पुरुष मित्रों से बातचीत को लेकर परेशान था। इसी बात को लेकर उसने अपने दोस्त करण कुंजाम, निवासी भैरमगढ़, से चर्चा की थी।
दोनों ने मिलकर बनाई हमले की योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि यश सोनकर और करण कुंजाम ने छात्रा पर एसिड डालने की योजना बनाई थी। आरोपियों ने पहले बालोद में गणेश विसर्जन झांकी के दौरान वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी, लेकिन उस दिन हमला नहीं हो सका।
इसके बाद सोमवार को योजना के मुताबिक करण कुंजाम ने छात्रा पर एसिड फेंका और मौके से फरार हो गया।
कोंडागांव से पकड़ा गया आरोपी
घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान छात्रा के प्रेमी यश सोनकर से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी करण कुंजाम की तलाश शुरू की।
पुलिस ने फरार करण कुंजाम को कोंडागांव से पकड़ लिया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश
एसिड अटैक की घटना के बाद बालोद नगर में लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी कर जांच आगे बढ़ा दी है।
