7 और 8 अक्टूबर को बूढ़ापारा के इंडोर स्टेडियम में राज्य स्तरीय रोजगार मेला, 10वीं-12वीं से लेकर इंजीनियरिंग, MBA और MCA पास युवाओं को अवसर
72 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती

रायपुर: राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। रोजगार विभाग की ओर से आयोजित इस मेले में 72 से अधिक कंपनियां करीब 11,700 पदों पर भर्ती करेंगी।
रोजगार विभाग के सहायक संचालक केदार पटेल के अनुसार, इनमें लगभग आधे पद छत्तीसगढ़ और आधे पद राज्य के बाहर के लिए हैं। पद और योग्यता के अनुसार चयनित युवाओं को 10 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिल सकता है।
10वीं पास से MBA-MCA तक युवाओं के लिए मौका
रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, MBA और MCA पास युवाओं के लिए विभिन्न अवसर उपलब्ध हैं।
कंपनियों की ओर से फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, मशीन ऑपरेटर, मैकेनिकल इंजीनियर, सर्विस इंजीनियर, सिक्योरिटी गार्ड, डिलीवरी और केयरटेकर सहित कई पदों पर भर्ती की जाएगी। नर्सिंग पदों पर अनुभव के आधार पर 7 हजार से 35 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में नौकरी का अवसर
चयनित युवाओं को रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, अंबिकापुर, जशपुर, धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव और कवर्धा सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में काम करने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी विभिन्न पदों के लिए रिक्तियां हैं।
7 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए युवाओं को 7 अक्टूबर तक ई-रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदन के लिए पोर्टल पर ‘रोजगार इच्छुक लॉगिन’ विकल्प का उपयोग करना होगा।
ऑनलाइन आवेदन के बाद ही अभ्यर्थी निर्धारित तारीख और समय पर रोजगार मेले में शामिल हो सकेंगे। विभाग के अनुसार, नियुक्ति मिलने के बाद चयनित युवाओं का तीन महीने तक फॉलोअप भी किया जाएगा।
