इवनिंग वॉक के दौरान प्रोफेसर को चाकू दिखाकर अगवा किया, आंखों पर बांधी पट्टी; मोबाइल और UPI की जानकारी लेकर खाते से रकम ट्रांसफर कराई
इवनिंग वॉक के दौरान प्रोफेसर को बनाया बंधक
रायगढ़: पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर के अपहरण की गंभीर घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता को रास्ते में दो लोगों ने पकड़ लिया। आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांधकर चाकू दिखाया और जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से दूसरे स्थान पर ले गए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रोफेसर के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल का पासवर्ड, Google Pay और BHIM App से संबंधित जानकारी हासिल की।
UPI के जरिए खाते से करीब 1 लाख रुपये ट्रांसफर
आरोपियों ने एक महिला से मोबाइल के जरिए संपर्क कर उसका QR कोड मंगवाया। इसके बाद प्रोफेसर के खाते से लगातार रकम ट्रांसफर कराई गई। पुलिस के अनुसार, करीब 1 लाख रुपये की सीमा तक रकम ट्रांसफर की गई।
आरोपियों ने प्रोफेसर को धमकाकर उनके घर फोन भी करवाया और उनसे कुशल-मंगल होने की बात कहलवाई, ताकि परिजनों को घटना की जानकारी न हो सके।
पंडरीपानी में कमरे में बनाकर रखा बंधक

रकम ट्रांसफर कराने के बाद आरोपियों ने प्रोफेसर की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधी और उन्हें भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी ले गए। यहां एक कमरे में उन्हें बंधक बनाकर रखा गया।
इधर, घटना को लेकर परिजनों को संदेह हुआ। उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सकुशल बरामद
सूचना मिलने के बाद पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्रोफेसर को सकुशल बरामद कर थाने लाए।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रोफेसर की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल निर्देश दिए थे।
24 घंटे के भीतर एक आरोपी हिरासत में
पुलिस ने रातभर आरोपियों की पतासाजी की और घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम जकेला निवासी सुनील सारथी को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण और UPI के जरिए रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
मामले में पुसौर थाने में धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस ने अन्य नामजद आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने उस महिला से भी संपर्क किया, जिसके खाते में रकम ट्रांसफर कराई गई थी। पुलिस के अनुसार, ट्रांसफर की गई पूरी रकम को सुरक्षित कराया गया है।
एसएसपी ने कहा- सभी आरोपियों की होगी गिरफ्तारी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि अपहरण जैसी गंभीर घटनाओं में पुलिस की प्राथमिकता पीड़ित की सकुशल बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी होती है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
