खेलभांठा मैदान में चार दिन चली प्रतियोगिता में पांच संभागों के 330 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, फुटबॉल, सॉफ्टबॉल और क्रिकेट में दिखाया दम

पांच संभागों के 330 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 7 अक्टूबर 2026: सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में आयोजित चार दिवसीय 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया रहे। कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक संभाग से 32 बालिकाएं और 34 बालक सहित 66 खिलाड़ी शामिल हुए। इस तरह कुल 330 खिलाड़ियों ने फुटबॉल, सॉफ्टबॉल और क्रिकेट की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समापन समारोह में दानसरा स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को अतिथियों और दर्शकों ने सराहा।
सांसद राधेश्याम राठिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शारीरिक क्षमता, मानसिक संतुलन, अनुशासन और खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए प्रशिक्षकों, शारीरिक शिक्षा शिक्षकों, निर्णायकों और भोजन-पेयजल व्यवस्था सहित आयोजन से जुड़े अधिकारी-कर्मचारियों को बधाई दी।
विजेता संभागों को किया गया पुरस्कृत
प्रतियोगिता में अंडर-14 बालक फुटबॉल में बस्तर संभाग प्रथम, रायपुर द्वितीय और बिलासपुर तृतीय स्थान पर रहा।
अंडर-17 बालक सॉफ्टबॉल में दुर्ग संभाग प्रथम, बस्तर द्वितीय और रायपुर संभाग तृतीय रहा। वहीं अंडर-17 बालिका सॉफ्टबॉल में दुर्ग संभाग ने द्वितीय और बस्तर संभाग ने तृतीय स्थान हासिल किया।
अंडर-17 बालिका क्रिकेट में सरगुजा संभाग प्रथम, बिलासपुर द्वितीय और दुर्ग संभाग तृतीय स्थान पर रहा।
दुर्ग संभाग बना ओवरऑल चैंपियन
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दुर्ग संभाग को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। उत्कृष्ट मार्च पास्ट का पुरस्कार सरगुजा संभाग और अनुशासन का पुरस्कार बिलासपुर संभाग को दिया गया।
इस अवसर पर सभी संभाग प्रमुखों और दल प्रबंधकों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर सांसद राधेश्याम राठिया ने खेल ध्वज को सम्मानपूर्वक अवतरित किया और प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की।
