माचाडोली अस्पताल के क्वार्टर में विवाद के बाद पत्नी और उसकी बहन से मारपीट का आरोप, कटघोरा पुलिस ने क्लर्क और महिला के खिलाफ दर्ज किया मामला
पति से मिलने अस्पताल पहुंची थी पत्नी
कोरबा: ग्राम घरीपखना में पति के दूसरी महिला से संबंध को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता महिला के अनुसार, वह अपनी बहन के साथ पति से मिलने माचाडोली अस्पताल स्थित क्वार्टर पहुंची थी। वहां पति के साथ एक महिला को देखकर विवाद बढ़ गया।
पुलिस के अनुसार, घटना 5 अक्टूबर की है। पत्नी ने शिकायत में बताया कि सुबह पति के साथ दूसरी महिला से संबंध को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसके बाद पति ने रात में घर नहीं आने की बात कही। महिला से भी फोन पर बातचीत हुई थी। इसी के बाद वह अपनी बहन के साथ पति से मिलने अस्पताल पहुंची।
क्वार्टर में महिला के मौजूद होने पर बढ़ा विवाद

अस्पताल में पति के नहीं मिलने पर स्टाफ ने बताया कि वह परिसर स्थित क्वार्टर में हो सकते हैं। दोनों बहनें वहां पहुंचीं तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर बाद पति ने दरवाजा खोला, लेकिन शिकायत के अनुसार उन्हें अंदर आने से मना कर दिया।
महिला का आरोप है कि अंदर जाने के दौरान पति ने उसके साथ धक्का-मुक्की की और धमकी दी। क्वार्टर के अंदर पति के साथ दूसरी महिला भी मौजूद थी। इसे लेकर विवाद बढ़ गया।
हथौड़े से हमला करने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, विवाद के दौरान पति और महिला ने उसके तथा उसकी बहन के साथ मारपीट की और हथौड़े से हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों में हाथापाई हुई, जिसमें चोटें भी आईं। इसके बाद दोनों बहनें वहां से लौट गईं।
महिला ने पति पर पूर्व में भी मारपीट, गाली-गलौच और धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत में दूसरी महिला द्वारा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम में फंसाने की धमकी देने की बात भी कही गई है।
कटघोरा पुलिस ने दर्ज किया अपराध
शिकायत के आधार पर कटघोरा पुलिस ने अस्पताल के क्लर्क अंशुल सिंह और महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मामले में शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
