अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या की आशंका | डॉग स्क्वाड और FSL टीम ने मौके से जुटाए साक्ष्य, गांव में दहशत
घर में मिले बुजुर्ग दंपती के शव
रायपुर: आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम बीरबीरा में बुजुर्ग दंपती की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घर में रहने वाले सदासी राम साहू (65) और उनकी पत्नी आसबती साहू (62) की अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और प्रथम दृष्टया नुकीले या धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका है।
डॉग स्क्वाड और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को बुलाया। टीमों ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया पूरी की।
पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर हत्या की वजह और हमलावरों का पता लगाने में जुटी है।
गांव में दहशत, कई पहलुओं से जांच

दंपती की हत्या की खबर फैलने के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से कर रही है।
अज्ञात आरोपियों की तलाश के साथ पुलिस घटना के कारण और हत्या के पीछे की परिस्थितियों का भी पता लगा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
