राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक | रायपुर में लोकभवन और बूढ़ापारा, जगदलपुर में मुरिया दरबार व बस्तर दशहरा कार्यक्रम में शामिल होना प्रस्तावित
राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों की समीक्षा
रायपुर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रपति का 22 से 23 अक्टूबर 2026 तक रायपुर और जगदलपुर (बस्तर) प्रवास प्रस्तावित है।
बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवास, स्वास्थ्य सुविधा और परिवहन सहित सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रपति के पूरे प्रवास कार्यक्रम के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है।
रायपुर में इन कार्यक्रमों में शामिल होना प्रस्तावित
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति रायपुर के लोकभवन और बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
इसके बाद जगदलपुर में लालबाग ग्राउंड में आयोजित मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर होने वाले विशाल सार्वजनिक कार्यक्रम में राष्ट्रपति के शामिल होने का प्रस्ताव है।
सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था पर विशेष फोकस

मुख्य सचिव ने रायपुर और बस्तर संभाग के कलेक्टरों को राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर और मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट, जगदलपुर से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, कारकेड और सड़क मार्ग से सुगम आवागमन की व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है।
राष्ट्रपति और उनके साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चिकित्सा और तकनीकी व्यवस्थाएं भी होंगी पुख्ता
स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित गाइडलाइन्स के अनुसार कार्यक्रमों के दौरान सर्वसुविधायुक्त चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम स्थलों पर मानक के अनुसार मंच और बैकड्रॉप, निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था, साउंड-लाइट सिस्टम और ग्रीन रूम में कंप्यूटर, प्रिंटर तथा इंटरनेट की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अधिकारी जुड़े
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामान्य प्रशासन विभाग, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग, गृह एवं श्रम विभाग, जनसंपर्क, लोकभवन, जिला प्रशासन, पुलिस मुख्यालय, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग, एयरफोर्स, बीएसएनएल और एयरपोर्ट अथॉरिटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास को देखते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
