राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने बाबूजी को बताया ईमानदारी और सामाजिक समरसता का प्रतीक, रामपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन औद्योगिक कॉरिडोर की स्वीकृति मिलने की भी दी जानकारी

सहारनपुर: गंगोह रोड स्थित एमआरएस पब्लिक स्कूल में पूर्व सांसद और ताम्रपत्र प्राप्त स्वतंत्रता सेनानी बाबू मुल्कीराज सैनी की जयंती पर समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने बाबूजी को राजनीति में शुचिता, ईमानदारी और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं।
सैनी वेलफेयर फोरम, प्रगतिशील सैनी सभा और एमआरएस पब्लिक स्कूल की ओर से आयोजित समारोह में समाजसेवा, शिक्षा, न्याय और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को ‘बाबू मुल्कीराज सैनी अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया।
राजनीति में सेवा और ईमानदारी पर जोर
मुख्य अतिथि जसवंत सैनी ने कहा कि बाबू मुल्कीराज सैनी के लिए राजनीति सेवा, सदाचार और सामाजिक समरसता का माध्यम थी। उन्होंने वर्तमान जनप्रतिनिधियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने और अहंकार छोड़कर समाज के उत्थान के लिए काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने यह भी बताया कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को स्थानीय स्तर पर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार से तीन औद्योगिक कॉरिडोर की स्वीकृति दिलाई गई है।
पांच हस्तियों को मिला ‘बाबू मुल्कीराज सैनी अवार्ड’
समारोह में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाह, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में रूसी भाषा के विशेषज्ञ सोनू सैनी, वर्ष 2025 में आईएएस के लिए चयनित विवेक सैनी, ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उद्यमी दिलबाग सिंह और पानीपत की महापौर कोमल सैनी को ‘बाबू मुल्कीराज सैनी अवार्ड-2026’ प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि जसवंत सैनी, पूर्व मंत्री डॉ. धर्मसिंह सैनी और अन्य अतिथियों ने सम्मानित प्रतिभाओं को पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में एमआरएस पब्लिक स्कूल के प्रबंध निदेशक विनीत सैनी, निदेशक सुनीता सैनी, श्वेतांक सैनी और सैनी सभा के अध्यक्ष अभय सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
सीमा समृद्धि ने बेटियों की शिक्षा पर दिया जोर
सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाह ने कहा कि समाज की वास्तविक मजबूती तब आती है, जब अंतिम पंक्ति में खड़े असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद की जाती है। उन्होंने बेटियों से शिक्षित होने और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर ही समाज के कमजोर वर्गों और बेटियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने की शक्ति मिलती है।
समाजसेवा और न्याय के मूल्यों को अपनाने की अपील
पूर्व मंत्री डॉ. धर्मसिंह सैनी ने बाबू मुल्कीराज सैनी और पूर्व एमएलसी तेलूराम सैनी का उल्लेख करते हुए समाजसेवा और न्याय के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने समाज के लोगों से राजनीति में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की अपील की।
पूर्व विधायक नरेश सैनी, उत्तराखंड के दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री श्यामबीर सैनी और समारोह की अध्यक्षता कर रहे गुरनाम सिंह सैनी ने भी बाबूजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक हुए शामिल
समारोह में उत्तराखंड के राज्यमंत्री वीरेंद्र सैनी, राज्यसभा सदस्य कल्पना सैनी के प्रतिनिधि डॉ. नाथीराम सैनी, सैनी सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश कुमार सैनी, ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार सैनी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गुरनाम सिंह गजनाला, प्रदेश अध्यक्ष ओमपाल सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नरेश सैनी और डॉ. वीरेंद्र आजम ने किया। आयोजन में बाबू मुल्कीराज सैनी के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया।
