गीदम में वन विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई, मारुति ईको वैन और दो मोटरसाइकिलें जब्त; इंजन बोनट और स्टेपनी में छिपाकर ले जा रहे थे शल्क

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पैंगोलिन के शल्क की तस्करी के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 14 किलो पैंगोलिन का शल्क बरामद किया गया है। कार्रवाई गीदम थाना क्षेत्र में की गई। वन विभाग ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति ईको वैन और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।
मुखबिर की सूचना पर बनाई गई संयुक्त टीम
बचेली वन परिक्षेत्र के रेंजर डॉ. प्रीतेश कुमार पांडे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मारुति ईको वैन में पैंगोलिन का शल्क भरकर जगदलपुर की ओर ले जाने की तैयारी में हैं। सूचना के मुताबिक संदिग्ध गीदम थाना क्षेत्र में मौजूद थे।
रेंजर ने इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। डीएफओ वाई. रंगनाथा रामकृष्णा के निर्देश पर गीदम एसडीओ शिवेन्द्र सिंह और रेंजर शिव टंडन के नेतृत्व में विशेष संयुक्त टीम गठित की गई।
मारुति ईको वैन के बोनट और स्टेपनी में छिपाया था शल्क
संयुक्त टीम ने योजना के तहत गीदम पुलिस थाने के सामने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध मारुति ईको वैन पहुंची, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन के इंजन बोनट और स्टेपनी के भीतर छिपाकर रखा गया पैंगोलिन का शल्क बरामद हुआ। वैन में सवार तीन आरोपियों से पूछताछ की गई। वन विभाग के अनुसार, उनसे मिली जानकारी के आधार पर तस्करी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने में मदद मिली।
जावंगा एजुकेशन सिटी के पास तीन अन्य आरोपी पकड़े गए
वैन सवार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर वन विभाग की टीम ने जावंगा एजुकेशन सिटी के पास दूसरी कार्रवाई की। यहां बाइक पर शल्क लेकर खड़े तीन अन्य संदिग्धों को भी पकड़ लिया गया।
इस तरह कार्रवाई में कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए गए। वन विभाग ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति ईको वैन और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।
छह से सात पैंगोलिन के शिकार की आशंका
प्रारंभिक जांच के अनुसार, बरामद करीब 14 किलो शल्क छह से सात पैंगोलिन के शिकार से जुटाए जाने की आशंका है। पैंगोलिन एक संरक्षित वन्यजीव है और इसके शल्क की अवैध तस्करी वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत अपराध है।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपी बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विभाग मामले में तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहा है।
यह भी पढ़ें :-
चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत, सीएम विष्णु देव साय ने फसल क्षति सर्वे के दिए निर्देश
दंतेवाड़ा एक नज़र
- दंतेवाड़ा में पैंगोलिन तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा, 14 किलो शल्क के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

- बस्तर दशहरा: 618 साल पुरानी परंपरा के तहत दंतेवाड़ा से रवाना हुईं मां दंतेश्वरी की डोली, फूल रथ का पहिया टूटने पर विवाद

- 11 किमी पैदल चलकर लोहागांव पहुंची स्वास्थ्य टीम | 62 ग्रामीणों की जांच, 4 गंभीर मरीज मिले

- दंतेवाड़ा में 18 सितंबर को रोजगार मेला, ICICI और Axis Bank में सीधी भर्ती; ₹32 हजार तक सैलरी

- गांव में बैठक के बाद अचानक बिगड़ा माहौल, 53 वर्षीय ग्रामीण की पीट-पीटकर हत्या; 6 पर केस

