भाटापारा। भाटापारा शहर में 80 वर्षीय असहाय महिला से हुई झपटमारी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस वारदात का मास्टरमाइंड पीड़िता का सगा भतीजा ही निकला। उसने अपनी प्रेमिका और दो साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर सोने के जेवर, बाइक और अन्य सामान बरामद कर लिया है।

🔴 Highlight Lines
🔴 80 वर्षीय महिला से झपटमारी का 24 घंटे में खुलासा
🔴 पीड़िता का सगा भतीजा ही निकला वारदात का मास्टरमाइंड
🔴 प्रेमिका और दो साथियों के साथ मिलकर रची थी साजिश
🔴 सोने के जेवर, बाइक और अन्य सामान पुलिस ने किया बरामद
पुलिस के मुताबिक, नयापारा वार्ड निवासी हीराबाई ध्रुव (80) से एक युवक और महिला ने खुद को अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार का पड़ोसी बताकर विश्वास जीत लिया। दोनों महिला को मोटरसाइकिल पर बैठाकर अस्पताल ले जाने का झांसा देते हुए बोडतरा रोड के सुनसान इलाके में ले गए और उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा सर्विलांस की मदद से संदिग्धों की पहचान की गई। पूछताछ के दौरान अजय उर्फ गोलू ध्रुव से मिले सुराग के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ।
जांच में सामने आया कि पीड़िता के सगे भतीजे टेकूराम ध्रुव ने अपनी प्रेमिका सरिता निषाद और साथियों सागर मरकाम व अजय उर्फ गोलू ध्रुव के साथ मिलकर इस वारदात की योजना बनाई थी। रिश्तेदारी का फायदा उठाकर वृद्धा की दिनचर्या और जानकारी जुटाई गई, फिर झांसा देकर झपटमारी को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9.980 ग्राम सोने के जेवर, वारदात में इस्तेमाल की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल और स्कार्फ बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
