जशपुर। खरीफ सीजन में किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने यूरिया वितरण व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब किसानों को खरीफ 2025 में मिली यूरिया की पूरी मात्रा के बराबर खरीफ 2026 में भी यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही पहले लागू 80 प्रतिशत वितरण सीमा को समाप्त कर दिया गया है।

🔴 Highlight Lines
🔴 किसानों को अब पिछले साल जितनी ही मिलेगी यूरिया
🔴 यूरिया वितरण की 80% सीमा समाप्त
🔴 स्टॉक कम होने पर बाद में मिलेगी शेष मात्रा
🔴 जशपुर कलेक्टर ने सहकारी समिति का किया निरीक्षण
जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने दुलदुला स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति का निरीक्षण कर खाद-बीज की उपलब्धता, कृषि ऋण वितरण और किसानों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने किसानों को नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि यदि किसी समय समिति में यूरिया का स्टॉक कम होने के कारण पूरी मात्रा नहीं मिल पाती है, तो स्टॉक उपलब्ध होते ही शेष यूरिया भी उपलब्ध करा दी जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद-बीज के भंडारण, किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से दिए जा रहे कृषि ऋण और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीफ सीजन में खाद, बीज और कृषि ऋण समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो।
कलेक्टर ने किसानों से खेती की तैयारियों और उर्वरकों की उपलब्धता पर चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। साथ ही नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील करते हुए कहा कि इससे फसलों को संतुलित पोषण मिलेगा, लागत कम होगी और भूमि की उर्वरता भी सुरक्षित रहेगी।
