Highlight Lines
🔴 2018 में भूमिपूजन के बाद भी निर्माण शुरू नहीं होने का आरोप
🔴 किसान संघ ने परियोजना की वर्तमान स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की
🔴 किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों पर पड़ रहा असर
🔴 जल्द प्रगति नहीं हुई तो आंदोलन की दी चेतावनी
कवर्धा। डोंगरगढ़-कवर्धा-कटघोरा रेल परियोजना की धीमी प्रगति को लेकर भारतीय किसान संघ ने सरकार से जवाब मांगा है। संगठन का कहना है कि वर्ष 2018 में परियोजना का भूमिपूजन होने के बावजूद आठ वर्ष बाद भी निर्माण कार्य धरातल पर नजर नहीं आ रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों में निराशा बढ़ रही है।

भारतीय किसान संघ के किसान नेता दिनेश चंद्रवंशी ने कहा कि रेल परियोजना से जिले को रेल नेटवर्क से जोड़ने, रोजगार, उद्योग, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने सरकार से परियोजना की वर्तमान स्थिति और निर्माण कार्य शुरू होने की समय-सीमा सार्वजनिक करने की मांग की है।
संगठन का कहना है कि रेल सुविधा के अभाव में किसानों को अपनी उपज सड़क मार्ग से दूर-दराज के बाजारों तक पहुंचानी पड़ती है, जिससे परिवहन लागत बढ़ रही है। व्यापारी भी माल ढुलाई के लिए सड़क परिवहन पर निर्भर हैं, जबकि विद्यार्थी और नौकरीपेशा युवाओं को शिक्षा, रोजगार और इलाज के लिए लंबी बस यात्राएं करनी पड़ रही हैं।
भारतीय किसान संघ ने सरकार से परियोजना में हो रही देरी के प्रशासनिक, वित्तीय और तकनीकी कारणों को भी सार्वजनिक करने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और सामाजिक संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जनआंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
