Highlight Lines
🔴 20 साल से बंद पड़ा 5 मंजिला बसंत लॉज बना खतरा
🔴 दीवारों से गिर रहा प्लास्टर और कंक्रीट
🔴 मालिक का पता नहीं, कार्रवाई भी अटकी
🔴 निगम ने जर्जर भवनों पर कार्रवाई के दिए निर्देश
रायपुर। राजधानी के व्यस्त शारदा चौक स्थित करीब 20 वर्षों से बंद पड़ा पांच मंजिला बसंत लॉज अब लोगों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन गया है। लगभग 50 साल पुराने इस भवन की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है और इसकी दीवारों से लगातार प्लास्टर व कंक्रीट गिर रहा है, जिससे राहगीरों और आसपास की दुकानों में आने वाले लोगों पर हादसे का खतरा मंडरा रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार नगर निगम और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। निगम रिकॉर्ड में भवन के वास्तविक मालिक की स्पष्ट जानकारी नहीं होने के कारण कार्रवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है। वहीं, सूत्रों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण में मिलने वाले संभावित मुआवजे के कारण भवन का सुधार कार्य नहीं कराया जा रहा है।
मेयर मीनल चौबे ने कहा कि जर्जर भवनों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं और लोगों की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित जोन कार्यालयों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं जोन कमिश्नर दिव्या चंद्रवंशी ने बताया कि बसंत लॉज को लंबे समय से नोटिस जारी किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक भवन में कोई सुधार नहीं किया गया है।
