Highlight Lines
🔴 कुएं से पानी ढोने की मजबूरी हुई खत्म
🔴 हर घर नल कनेक्शन से मिली स्वच्छ पेयजल सुविधा
🔴 महिलाओं का समय और श्रम दोनों बचा
🔴 एमसीबी जिले के बरौता गांव में दिखा योजना का असर
रायपुर। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचने से लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के भरतपुर विकासखंड स्थित ग्राम बरौता में इस योजना ने वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का समाधान कर दिया है।

गांव की निवासी फुलबाई बताती हैं कि पहले उन्हें रोजाना दूर स्थित कुएं से सिर पर मटका रखकर पानी लाना पड़ता था। लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता था और गर्मी के मौसम में परेशानी कई गुना बढ़ जाती थी। अब घर में नल कनेक्शन मिलने से यह समस्या पूरी तरह समाप्त हो गई है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत गांव में हर घर तक नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जा रहा है। इससे महिलाओं का समय और मेहनत बच रही है, वहीं परिवारों को सुरक्षित पेयजल मिलने से जलजनित बीमारियों का खतरा भी कम हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब महिलाएं पानी लाने में समय गंवाने के बजाय बच्चों की पढ़ाई, परिवार और आजीविका से जुड़े कार्यों पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं। गांव में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूकता बढ़ी है।
फुलबाई ने इस योजना के लिए सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जल जीवन मिशन ने केवल पानी की सुविधा ही नहीं दी, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को सम्मान, सुविधा और बेहतर जीवन की नई उम्मीद भी दी है।
