दो साल से बदहाल खरसिया चौक-दरिमा मोड़ सड़क पर फिर शुरू हुआ पैचवर्क, स्थानीय लोगों ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल

अंबिकापुर, 20 अगस्त 2026। अंबिकापुर में लंबे समय से बदहाल पड़ी खरसिया चौक से दरिमा मोड़ के बीच की सड़क पर आखिरकार मरम्मत का काम शुरू हो गया है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की नाराजगी के बाद गुरुवार को सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू किया गया। गड्ढों में बड़ी-बड़ी गिट्टियां डालकर उन्हें एक्सीवेटर की मदद से समतल किया जा रहा है।
हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की मरम्मत पहले भी कई बार हो चुकी है, लेकिन कुछ ही दिनों बाद सड़क दोबारा बदहाल हो गई। ऐसे में वर्तमान मरम्मत को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
सीतापुर से लेकर अंबिकापुर तक सड़क की बदहाली
प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय बुधवार को संगठनात्मक गतिविधियों के सिलसिले में सीतापुर के रास्ते अंबिकापुर पहुंचे थे। सीतापुर शहर से गुजरने वाले करीब दो किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति भी बेहद खराब बताई जा रही है।
सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हैं। यहां लंबे समय से बाईपास का प्रस्ताव लंबित है, लेकिन बाईपास का निर्माण नहीं हो सका है। वहीं शहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति में भी अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
जर्जर सड़क के कारण दूसरे रास्ते से जाना पड़ा
बताया गया कि सड़क की खराब स्थिति के कारण पवन साय को सीतापुर से दूसरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ा। इसके बाद अंबिकापुर सीमा पर दरिमा मोड़ के पास एक बार फिर उन्हें जर्जर सड़क का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले करीब दो वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। इससे पहले भी पवन साय के प्रवास के दौरान सड़क सुधार के निर्देश दिए गए थे, लेकिन स्थायी रूप से काम नहीं हो सका।
सर्किट हाउस में सड़क को लेकर जताई नाराजगी
बुधवार शाम दरिमा मोड़ से खरसिया चौक तक गड्ढों से भरी सड़क से गुजरने के बाद पवन साय सर्किट हाउस पहुंचे। यहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
औपचारिक चर्चा के दौरान उन्होंने सड़क की बदहाली को लेकर नाराजगी जताई। सूत्रों के अनुसार इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के कार्यपालन अभियंता से मोबाइल पर बातचीत भी कराई गई।
अधिकारी ने बताया कि बारिश का मौसम होने के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है। निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और बारिश समाप्त होने के बाद सड़क का नव निर्माण शुरू किया जाएगा।
ठेकेदारों और पदाधिकारियों से बोले- इच्छाशक्ति होती तो सड़क बन जाती
बैठक के दौरान पवन साय ने मौजूद पदाधिकारियों से सड़क की स्थिति को लेकर सवाल किए। उन्होंने कहा कि इनमें से कई लोग ठेकेदार हैं और यदि इच्छाशक्ति होती तो सड़क को चलने लायक बनाया जा सकता था।
उन्होंने पदाधिकारियों से यह भी पूछा कि उनके पास एक्सीवेटर और अन्य मशीनरी उपलब्ध है या नहीं। कुछ पदाधिकारियों के पास संसाधन होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत के लिए पहल करने की बात कही।
नाराजगी के अगले दिन शुरू हुआ मरम्मत कार्य
पवन साय की नाराजगी के बाद गुरुवार को खरसिया चौक से दरिमा मोड़ के बीच सड़क की मरम्मत शुरू कर दी गई। हाईवे से बड़ी गिट्टियां लाकर गड्ढों में डाली जा रही हैं और एक्सीवेटर से उन्हें समतल किया जा रहा है।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह काम फिलहाल अस्थायी राहत दे सकता है। उनका कहना है कि गड्ढों में डाली गई बड़ी गिट्टियां दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी और दुर्घटना का कारण बन सकती हैं।
पहले भी हो चुका है पैचवर्क, फिर लौट आई बदहाली
स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर पहले भी इसी तरह गड्ढों में गिट्टियां डालकर मरम्मत की गई थी। लेकिन भारी वाहनों के लगातार दबाव और बारिश के बाद सड़क कुछ ही समय में फिर खराब हो गई।
ऐसे में लोगों की मांग है कि सिर्फ गड्ढे भरने के बजाय सड़क का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए, ताकि बार-बार मरम्मत की जरूरत न पड़े।
सोशल मीडिया पर भी लोगों ने जताई नाराजगी
सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इंटरनेट मीडिया पर भी नाराजगी जताई है। कुछ समय पहले सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों में जमा पानी में नहाकर अनूठे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया था।
कलेक्टर अजीत वसंत द्वारा भी सड़क का निरीक्षण किए जाने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद लंबे समय तक सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं होने से लोगों में नाराजगी बनी हुई है।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- दल्लीराजहरा के गार्डन में भीषण आग, सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए सजावटी पुतले जलकर खाक
- भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से कथित धोखाधड़ी मामले में रायपुर के कारोबारी की गिरफ्तारी टली, पुलिस पहुंचने से पहले फरार
- रायगढ़ पुलिस की दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश, 29 जुआरी गिरफ्तार; 9 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त
- नक्सलमुक्त बस्तर के कई गांवों में पहली बार मनेगी दिवाली, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दी शुभकामनाएं
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा दिव्या पुरी को लिखा पत्र, पढ़ाई और आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रोत्साहित
