कम्प्यूटर प्रोग्रामर से लेखापाल तक पद खाली | 16 अक्टूबर 2026 शाम 5:30 बजे तक डाक से करें आवेदन

चार पदों पर होगी संविदा भर्ती
जिला पंचायत बालोद ने विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) VB-G RAM G के तहत जिला एवं जनपद स्तर पर विभिन्न पदों पर संविदा भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इस भर्ती अभियान में कुल 4 पद भरे जाएंगे।
इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर 16 अक्टूबर 2026 शाम 5:30 बजे तक स्पीड पोस्ट या पंजीकृत डाक के माध्यम से आवेदन भेज सकते हैं।
पद और वेतन
- कम्प्यूटर प्रोग्रामर: 1 पद — ₹51,780 प्रतिमाह
- कार्यक्रम अधिकारी: 1 पद — ₹39,875 प्रतिमाह
- सहायक प्रोग्रामर: 1 पद — ₹35,165 प्रतिमाह
- लेखापाल: 1 पद — ₹23,350 प्रतिमाह
लेखापाल का पद अधिसूचित जनजाति वर्ग की महिला अभ्यर्थी के लिए आरक्षित बताया गया है।
शैक्षणिक योग्यता
कम्प्यूटर प्रोग्रामर: प्रथम श्रेणी में बीई कम्प्यूटर साइंस/आईटी, MCA या MSc कम्प्यूटर साइंस। जावा, Oracle, Data.NET और MSSQL के ज्ञान को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यक्रम अधिकारी: प्रथम श्रेणी में MBA, BE, MRTM अथवा गणित/भौतिकी विषय में स्नातकोत्तर डिग्री।
सहायक प्रोग्रामर: MSc कम्प्यूटर साइंस/आईटी, MCA अथवा BE/B.Tech की डिग्री।
लेखापाल: न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ B.Com उत्तीर्ण होना जरूरी है।
आयु सीमा और जरूरी शर्तें
1 सितंबर 2026 की स्थिति में अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 45 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग एवं महिला अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ शासन के नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
आवेदक का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है। इसके अलावा जिला रोजगार कार्यालय में जीवित रोजगार पंजीयन होना भी जरूरी है।
मेरिट और कंप्यूटर टेस्ट से चयन
अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, कंप्यूटर प्रायोगिक परीक्षा और अनुभव के आधार पर किया जाएगा। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता के आधार पर 45 से 70 अंक, कंप्यूटर प्रायोगिक परीक्षा के लिए 15 से 40 अंक और संबंधित शासकीय ग्रामीण विकास योजनाओं में अनुभव के लिए अधिकतम 10 से 15 अंक निर्धारित हैं।
एक पद के मुकाबले 10 अभ्यर्थियों को कौशल परीक्षा के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
डाक से भेजना होगा आवेदन
अभ्यर्थियों को निर्धारित आवेदन प्रारूप भरकर सभी जरूरी शैक्षणिक और अनुभव संबंधी दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियां संलग्न करनी होंगी। आवेदन के साथ स्वयं का पता लिखा हुआ और 5-5 रुपये के डाक टिकट लगे दो लिफाफे भी संलग्न करना अनिवार्य है।
आवेदन पत्र बंद लिफाफे में भेजना होगा। लिफाफे के ऊपर आवेदित पद, जाति वर्ग और लिंग का स्पष्ट उल्लेख करना जरूरी है।
आवेदन भेजने का पता:
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बालोद (छत्तीसगढ़)
अंतिम तिथि: 16 अक्टूबर 2026, शाम 5:30 बजे तक
व्यक्तिगत रूप से दिए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। भर्ती का विस्तृत विज्ञापन और आवेदन प्रारूप जिला बालोद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
