वर्ष 2020 में भिलाई के खुर्सीपार निवासी अनिमेष सिंह के बैंक खाते में हुए 165 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी सीबीआई की जांच में बड़ा खुलासा सामने आया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की डबल बेंच में सुनवाई के दौरान सीबीआई ने बताया कि उसे इस रकम के स्रोत और आगे कहां-कहां हस्तांतरित किए जाने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिल गई है।

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति आर.के. अग्रवाल की खंडपीठ के समक्ष सीबीआई ने कहा कि जांच के दौरान बैंकिंग रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों का गहन विश्लेषण किया गया। एजेंसी को अब यह पता चल चुका है कि करोड़ों रुपये संबंधित खाते में किस माध्यम से पहुंचे और बाद में किन खातों या माध्यमों से आगे ट्रांसफर किए गए। सीबीआई ने अदालत को भरोसा दिलाया कि अगली सुनवाई में विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी।
Highlight
🔴165 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन मामले में सीबीआई का बड़ा खुलासा
🔴राशि के स्रोत और ट्रांसफर की अहम जानकारी मिलने का दावा
🔴जुलाई के अंतिम सप्ताह में हाईकोर्ट में पेश होगी विस्तृत रिपोर्ट
🔴2020 में यस बैंक खाते में आए थे 165 करोड़ रुपये
🔴सीबीआई जांच में सामने आ सकते हैं कई और बड़े खुलासे
यह मामला वर्ष 2020 में उस समय सुर्खियों में आया था, जब करीब 12 हजार रुपये मासिक आय वाले खुर्सीपार निवासी अनिमेष सिंह के यस बैंक खाते में 165 करोड़ रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ था। इस असामान्य ट्रांजैक्शन के सामने आने के बाद धन के स्रोत को लेकर कई सवाल खड़े हुए और मामले की स्वतंत्र जांच की मांग उठी।

इसके बाद अधिवक्ता सतीश त्रिपाठी और सामाजिक कार्यकर्ता प्रभु नाथ मिश्रा ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में याचिका दायर कर स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की थी। याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि पहले कांग्रेस सरकार और बाद में भाजपा सरकार के कार्यकाल में भी जांच की स्थिति को लेकर पूरी स्पष्ट जानकारी न्यायालय के सामने नहीं रखी गई, जिससे मामला लंबे समय तक उलझा रहा।
अब हाईकोर्ट के निर्देश पर सीबीआई जांच कर रही है और एजेंसी का दावा है कि जांच में कई अहम तथ्य सामने आए हैं। माना जा रहा है कि आगामी सुनवाई में इस हाई-प्रोफाइल मामले से जुड़े कई और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल इस मामले की अगली सुनवाई जुलाई के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है, जहां सीबीआई अपनी विस्तृत रिपोर्ट न्यायालय के समक्ष पेश करेगी।
