कोरबा से बाइक पर आकर ग्रामीण इलाकों के सूने घरों को बनाते थे निशाना, एसीसीयू और कोटा पुलिस ने तीन आरोपितों को पकड़ा

बिलासपुर: जिले के कोटा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सूने मकानों में चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसीसीयू और कोटा पुलिस की संयुक्त टीम ने कोरबा जिले के तीन युवकों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने पाली में एक और बिलासपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में नौ मकानों सहित कुल 10 घरों में चोरी करना स्वीकार किया है। उनके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर, नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक सहित चोरी की रकम से खरीदी गई क्रेटा कार जब्त की गई है।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों तक पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ समय से कोटा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में दिनदहाड़े सूने मकानों से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस कोरबा जिले तक पहुंची। यहां से तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपितों ने चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की।
10 मकानों में चोरी करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने कोरबा जिले के पाली क्षेत्र में एक और बिलासपुर जिले के कोटा सहित अन्य ग्रामीण इलाकों में नौ मकानों में चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपित कथित तौर पर बाइक से ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचते थे और सूने मकानों को निशाना बनाते थे।
6 लाख के जेवर, नकदी और तीन वाहन जब्त
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और 1 लाख 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई एक बुलेट और एक अन्य बाइक भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, मामले के कथित मास्टरमाइंड विनोद वासुदेव ने चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदी थी और उसकी किश्तें भी उसी रकम से चुकाई जा रही थीं। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है।
कोरबा के मानिकपुर के रहने वाले हैं तीनों आरोपित
पकड़े गए आरोपितों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव, भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी और राज प्रजापति के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों कोरबा के मानिकपुर क्षेत्र के निवासी हैं।
बताया गया है कि भूपेंद्र सिंह राठौर पूर्व में एक स्कूल में प्राचार्य रह चुका है। फिलहाल पुलिस जब्त संपत्ति और दर्ज मामलों के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
