एनएचएआई ने तैयार की कार्ययोजना, सेंदरी में ₹23.93 करोड़ और रानीगांव में ₹28.94 करोड़ होंगे खर्च

बिलासपुर। रतनपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 के सेंदरी और रानीगांव ब्लैक स्पॉट पर लगातार हो रहे सड़क हादसों से अब राहत मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने दोनों स्थानों पर अंडरब्रिज बनाने की कार्ययोजना तैयार कर ली है। परियोजना पर कुल 52.87 करोड़ रुपये खर्च होंगे और प्रक्रिया फिलहाल टेंडर स्तर पर है। निर्माण आगामी एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है।
हादसों पर लगेगी लगाम
सेंदरी में 23.93 करोड़ रुपये और रानीगांव में 28.94 करोड़ रुपये की लागत से अंडरब्रिज बनाए जाएंगे। इनके बनने के बाद स्थानीय लोगों और हाईवे के तेज रफ्तार यातायात को अलग-अलग रास्ता मिलेगा। इससे चौराहों पर वाहनों के टकराव और गंभीर हादसों की आशंका कम होगी।
फुट ओवरब्रिज की जगह अंडरपास
पहले दोनों स्थानों पर फुट ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन स्थानीय जरूरतों को देखते हुए अब अंडरब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। इससे पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया और स्थानीय चारपहिया वाहन भी सुरक्षित तरीके से हाईवे पार कर सकेंगे।
यात्रियों को भी मिलेगी राहत
बिलासपुर-रतनपुर मार्ग पर लगातार भारी यातायात रहता है। अंडरब्रिज बनने से रतनपुर, कटघोरा, कोरबा, अंबिकापुर, अमरकंटक और प्रयागराज की ओर जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित सफर मिलने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने के बाद सेंदरी और रानीगांव के ब्लैक स्पॉट को खत्म करने में मदद मिलेगी।
