कर्मचारी चयन मंडल की समूह-2 भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित, स्टेनो, डाटा एंट्री ऑपरेटर समेत कई पद शामिल

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए छत्तीसगढ़ में बड़ा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल द्वारा समूह-2 तृतीय श्रेणी के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। इस भर्ती में बड़ी संख्या में पद शामिल हैं।
सहायक ग्रेड-3 के 1206 पद
भर्ती में सबसे अधिक सहायक ग्रेड-3 के 1,206 पद शामिल हैं। इसके अलावा स्टेनो, शीघ्रलेखक, डाटा एंट्री ऑपरेटर, पंजीयन लिपिक और सहायक उप निरीक्षक सहित अन्य पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
पदों में सहायक उप निरीक्षक-अ (जिला इकाई संवर्ग) के 279 पद, पंजीयन लिपिक के 50 पद, सहायक उप निरीक्षक-अ (सामान्य शाखा) के 40 पद और उप निरीक्षक-अ (शीघ्रलेखक) सामान्य शाखा हिंदी के 34 पद शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के पोर्टल cgssb.cgstate.gov.in के माध्यम से किए जाएंगे। आवेदन शुरू होने की तारीख और अंतिम तिथि की विस्तृत जानकारी मंडल द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
मंडल की ओर से भर्ती के नियम एवं शर्तें, पदवार पात्रता, पाठ्यक्रम, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा संचालन से संबंधित निर्देश वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
अभ्यर्थी विज्ञापन जारी होने का इंतजार करें
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले मंडल द्वारा जारी विस्तृत भर्ती विज्ञापन और पदवार पात्रता को ध्यान से पढ़ें। खासतौर पर शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य आवश्यक शर्तों की पुष्टि आधिकारिक जानकारी से करने के बाद ही आवेदन करें।
