1 अक्टूबर से शुरू होगी प्रक्रिया | नए और पुराने पात्र अभ्यर्थियों को फिर से करनी होगी च्वाइस फिलिंग
- 1. NEET UG 2026 काउंसलिंग का तीसरा चरण | MBBS-BDS की 424 सीटें खाली
- 2. मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में प्रवेश का मौका | 1 अक्टूबर से शुरू होगा तीसरा राउंड
- 3. MBBS की 203 और BDS की 221 सीटें रिक्त | अभ्यर्थियों को फिर भरनी होगी च्वाइस

1 अक्टूबर से शुरू होगी तीसरे चरण की काउंसलिंग
रायपुर: छत्तीसगढ़ में NEET UG 2026 के तहत MBBS और BDS में प्रवेश के लिए तीसरे चरण की काउंसलिंग 1 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने दूसरे चरण के आवंटन और प्रवेश के बाद रिक्त सीटों के लिए तीसरे चरण का शेड्यूल जारी किया है। इस चरण में MBBS की 203 और BDS की 221, कुल 424 सीटों पर प्रवेश होगा। आधिकारिक काउंसलिंग पोर्टल पर 2026 के UG काउंसलिंग से जुड़े शेड्यूल और सूचनाएं उपलब्ध हैं।
6 अक्टूबर तक कर सकेंगे पंजीयन
नए अभ्यर्थी 1 अक्टूबर सुबह 11 बजे से 6 अक्टूबर रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकेंगे। पहले से पंजीकृत पात्र अभ्यर्थियों को भी इस चरण में नए सिरे से च्वाइस फिलिंग करनी होगी।
च्वाइस फिलिंग और लॉकिंग की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर रात 11:59 बजे निर्धारित है। पहले चरण में भरी गई च्वाइस इस राउंड में मान्य नहीं होगी। च्वाइस नहीं भरने पर अभ्यर्थी को सीट आवंटित नहीं की जाएगी।
MBBS की 203 सीटें खाली
राज्य के सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS की कुल 3025 सीटें हैं। दूसरे चरण के बाद 2822 सीटों पर प्रवेश हो चुका है और 203 सीटें रिक्त हैं।
सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 17 सीटें तथा निजी कॉलेजों में 186 सीटें खाली हैं। निजी कॉलेजों में रिम्स रायपुर, श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस भिलाई, श्री बालाजी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस रायपुर, श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज नवा रायपुर, अभिषेक आई मिश्रा मेमोरियल मेडिकल कॉलेज भिलाई और मां पद्मावती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज रायपुर की सीटें शामिल हैं।
BDS की 221 सीटों पर प्रवेश
BDS में शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर की 31 सीटें रिक्त हैं। इसके अलावा निजी डेंटल कॉलेजों में 190 सीटें खाली हैं। इनमें दुर्ग, बिलासपुर, भिलाई, राजनांदगांव और रायपुर के विभिन्न संस्थानों की सीटें शामिल हैं।
निजी कॉलेज की च्वाइस पर अतिरिक्त शुल्क
सरकारी मेडिकल कॉलेज का विकल्प चुन चुके अभ्यर्थी यदि इस चरण में निजी कॉलेज भी अपनी च्वाइस में शामिल करते हैं तो पंजीयन शुल्क के अंतर की राशि अतिरिक्त देनी होगी। आवेदन में संशोधन अंतिम तिथि तक निशुल्क किया जा सकेगा।
आवंटन के बाद प्रवेश नहीं लेने या सीट छोड़ने की स्थिति में जमा पंजीयन राशि जब्त की जा सकती है। विभाग ने अभ्यर्थियों को काउंसलिंग प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी करने और बिचौलियों या फर्जी संस्थाओं से सावधान रहने की सलाह दी है।
