अगले 48 घंटे शुष्क रहेगा मौसम, इसके बाद कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 50 किमी प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल बारिश पर ब्रेक लगा हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इसके बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले 48 घंटों तक प्रदेश के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
रायपुर में 35.7 डिग्री पहुंचा तापमान
बीते 24 घंटों में रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। यहां अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है। वहीं, पेण्ड्रारोड में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा:
- रायपुर: 35.7 डिग्री सेल्सियस
- राजनांदगांव: 35.5 डिग्री सेल्सियस
- माना एयरपोर्ट: 34.4 डिग्री सेल्सियस
- बिलासपुर: 33.4 डिग्री सेल्सियस
- जगदलपुर: 33.6 डिग्री सेल्सियस
- दुर्ग: 32.4 डिग्री सेल्सियस
- अंबिकापुर: 30.9 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19.5 डिग्री, जगदलपुर में 20.5 डिग्री और दुर्ग में 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मॉनसून की वापसी जारी, ओडिशा में चक्रवाती परिसंचरण
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी रेखा सुपौल, रांची, सुंदरगढ़, बरगढ़, बीजापुर, हैदराबाद, बेलगावी और पणजी से होकर गुजर रही है। अगले दो से तीन दिनों में पूर्वी भारत और उत्तरी प्रायद्वीप के कुछ अन्य क्षेत्रों से मॉनसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।
वहीं, मध्य ओडिशा के ऊपर समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। मौसम में आगे होने वाले बदलाव पर इसका प्रभाव पड़ सकता है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 11 अक्टूबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शहर में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
फिलहाल प्रदेश में अगले दो दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद स्थानीय स्तर पर बारिश, बिजली चमकने और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है। लोगों को अपने क्षेत्र के मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी जाती है।
