कवर्धा की 22 वर्षीय युवती ने 25 सितंबर को होटल के कमरे में फांसी लगाकर जान दी थी; पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जेल भेजा
धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी में होटल के कमरे में युवती की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर शादी से मुकरने, मारपीट करने और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप हैं। पुलिस ने जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग

यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान कवर्धा जिले की रहने वाली 22 वर्षीय पिंकी मानिकपुरी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पिंकी और धमतरी के गोकुलपुर वार्ड क्रमांक 36 निवासी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था।
आरोप है कि टिकेश्वर ने पिंकी से शादी करने का वादा किया था, लेकिन उसके अन्य लड़कियों से भी संबंध थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद होने लगा।
होटल के कमरे में शादी को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पिंकी 24 सितंबर को कवर्धा से धमतरी आई थी और होटल CG-05 के कमरा नंबर 106 में ठहरी थी। पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर की शाम टिकेश्वर उससे मिलने होटल पहुंचा।
इस दौरान दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत हुई। आरोप है कि टिकेश्वर ने शादी करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई।
होटल में युवती ने लगाई फांसी
पुलिस की जांच में सामने आया कि पिंकी ने 25 सितंबर को होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। हालांकि, आरोपी पर लगाए गए आरोपों और घटना की परिस्थितियों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया में होगा।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल
पुलिस ने 9 अक्टूबर को टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
