गन्ना पब्लिक इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, NCC और NSS के सहयोग से संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर

डोईवाला, देहरादून। नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत गन्ना पब्लिक इंटर कॉलेज, डोईवाला में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अभियान को समाज कल्याण विभाग, देहरादून के सहयोग से उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद संचालित कर रही है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करना रहा।
जागरूकता रैली में 850 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर से निकाली गई जागरूकता रैली से हुई। इसमें लगभग 850 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली डोईवाला के मुख्य बाजार से होकर गुजरी और विद्यालय परिसर में आकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान नुक्कड़ नाटक टीम ने गीतों और प्रभावशाली नारों के माध्यम से आमजन को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक से बताए नशे के दुष्परिणाम
रैली के बाद संभव परिवार के अंतर्गत संभव मंच के निर्देशक अभिषेक मेंदुला के नेतृत्व में कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसमें नशे के व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को दर्शाया गया।
विद्यार्थियों और उपस्थित अभिभावकों ने प्रस्तुति की सराहना की। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाषणों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भी नशामुक्ति का संदेश दिया।
युवाओं से परिवार और समाज तक संदेश पहुंचाने की अपील
उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद के कार्यक्रम प्रभारी सुनील जोशी ने अभियान के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से नशामुक्ति का संदेश अपने परिवारों और समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।
परिषद के उपाध्यक्ष मोहन सिंह खत्री, विद्यालय प्रबंधक मनोज नौटियाल और प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।
NCC और NSS की टोलियां बनाने का सुझाव
परिषद की महासचिव आशा रानी पैन्यूली ने समाज में बढ़ती नशाखोरी पर चिंता जताते हुए निरंतर और संगठित जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने सुझाव दिया कि राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विद्यार्थियों की विशेष टोलियां गठित की जाएं। संबंधित प्रशासन के समन्वय से ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों का प्रारंभिक सर्वेक्षण भी किया जाए, जहां चोरी-छिपे नशीले पदार्थों के कारोबार की आशंका हो।
उन्होंने विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों से अभियान की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
शिक्षक और गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में आनंदमणि सेमवाल, किरण खंडूरी, विजयलक्ष्मी रावत, महेश चंद मैठाणी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहयोग किया। इनमें पूजा जोशी, राधा गुप्ता, आलोक जोशी, सुदेश सहगल और प्रिया सहित अन्य शिक्षक शामिल रहे। कार्यक्रम में अभिभावक और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अध्यापक अश्वनी गुप्ता और अभियान प्रभारी सुनील जोशी ने संयुक्त रूप से किया।
