Highlight Lines
🔴 लगातार बारिश से गंगरेल बांध का जलस्तर बढ़ा
🔴 महानदी किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
🔴 ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश
🔴 हीराकुंड डैम को लेकर ओडिशा सरकार से समन्वय में जुटी छत्तीसगढ़ सरकार
रायपुर।
प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदियों और जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगरेल बांध में जलभराव बढ़ने के बाद गेट खोले जाने की संभावना को देखते हुए महानदी के तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका जताई गई है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।

तटवर्ती गांवों में मुनादी, लोगों को किया जा रहा सतर्क
सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बताया कि महानदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की सूचना दी जा रही है। साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने, पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भोजन और पेयजल जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
हीराकुंड डैम को लेकर ओडिशा सरकार से संपर्क
इस बीच प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ सरकार ने ओडिशा सरकार को पत्र लिखकर हीराकुंड डैम के गेट खोले जाने की स्थिति में समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया है। इसका उद्देश्य संभावित बाढ़ की स्थिति से समय रहते निपटना और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
प्रशासन ने महानदी और अन्य जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए संबंधित विभागों को भी पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
