पुण्यतिथि पर सपा पदाधिकारियों ने लोहिया के विचारों को अपनाने का लिया संकल्प, गरीबों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने की अपील

हरिद्वार, 12 अक्टूबर। डॉ. राममनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके विचारों और दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों को कॉपी, पेंसिल और सूक्ष्म आहार भी वितरित किया गया।
गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष को किया याद
डॉ. राममनोहर लोहिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सपा के प्रदेश अध्यक्ष हाजी अब्दुल मतीन सिद्दकी ने कहा कि लोहिया का पूरा जीवन गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए संघर्ष को समर्पित रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की नीतियों के चलते बढ़ती आर्थिक असमानता से समाज के बड़े हिस्से को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोहिया के विचारों को आत्मसात कर सामाजिक असमानताओं और विसंगतियों को दूर करने के लिए काम करने की अपील की।
समाजवाद का अर्थ वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई
समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आशीष यादव और लोहिया वाहिनी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि समाजवाद का अर्थ गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करना है।
उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया के विचारों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता इस संघर्ष को आगे बढ़ा रहे हैं।
लोहिया के विचारों को बताया समाज के लिए मार्गदर्शक
सपा के प्रदेश सहप्रभारी महंत शुभम गिरी, जिलाध्यक्ष साजिद अली और पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पाराशर ने कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया के विचार हमेशा समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने समाजवादी नीतियों को अपनाकर देश और समाज को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में शामिल हुए सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता
कार्यक्रम में कार्यालय प्रभारी रहीस अहमद, राजेंद्र यादव, बाबा शिवानन्द, अभि यादव, उदालय यादव, मशकूर कुरैशी, लवदत्ता, श्रवण शंखधार, मास्टर नसीर, अरशद, इस्लाम, शकील अंसारी, रिहाल मलिक, उमर मतीन सिद्दकी, दिक्षान्त शर्मा, आदेश उपाध्याय, रवि यादव, सन्नी और अंकित सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
