जरहागांव क्षेत्र में छात्रा को रास्ते में रोकने और मारपीट का आरोप | पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में दर्ज किया केस

मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा की बड़ी बहन की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
रास्ते में रोककर मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर की शाम छात्रा अपनी सहेली के घर से लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में साहिल यादव और प्रहलाद धुरी ने उसे रोककर गाली-गलौज और बेल्ट से मारपीट की। दोनों पर जान से मारने की धमकी देने और घटना की जानकारी किसी को नहीं देने के लिए पैसे देने का भी आरोप है।
डर के कारण रतनपुर पहुंची छात्रा
घटना के बाद छात्रा डर के कारण घर नहीं गई और बस से रतनपुर पहुंच गई। वहां एक अज्ञात महिला ने उसकी मदद की। 30 सितंबर को छात्रा घर लौटने के लिए निकली और सकरी से बस बदलकर बरेला पहुंची।
मकान में ले जाने और नशीला इंजेक्शन लगाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, बरेला पहुंचने के बाद दोनों युवकों ने छात्रा को दोबारा पकड़ लिया और कथित तौर पर जबरन एक मकान में ले गए। आरोप है कि वहां उसे नशीला इंजेक्शन लगाया गया, जिसके बाद वह बेसुध हो गई। होश आने के बाद छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
परिजनों की शिकायत के बाद जरहागांव पुलिस ने साहिल यादव और प्रहलाद धुरी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।
नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली कोई जानकारी प्रकाशित नहीं की जा रही है।
