एसटीएफ और जिला विशेष शाखा की कार्रवाई, सरकंडा की सूर्या विहार कॉलोनी से पकड़ा गया अतीक हुसैन; डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू

बिलासपुर। बिलासपुर में अवैध प्रवासियों की तलाश के दौरान एसटीएफ और जिला विशेष शाखा की टीम ने बांग्लादेश के नारायणगंज निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अतीक हुसैन (42) वर्ष 2005 में भारत आया था और पिछले करीब 19 वर्षों से बिलासपुर में रहकर नौकरी कर रहा था।
पुलिस ने उसे सरकंडा क्षेत्र की सूर्या विहार कॉलोनी स्थित किराये के मकान से 24 सितंबर की सुबह करीब 5 बजे पकड़ा। उसके खिलाफ बांग्लादेश डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उसे रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा गया है।
2005 में भारत आने का पुलिस का दावा
एसएसपी रजनेश सिंह के अनुसार एसटीएफ की टीम अवैध प्रवासियों और संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार जांच कर रही थी। पूछताछ में अतीक ने वर्ष 2005 में बांग्लादेश से भारत आने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक 2005 से 2007 तक वह तमिलनाडु में रहा और इसके बाद बिलासपुर पहुंचा। यहां उसने एनटीपीसी सीपत में बीईसीओ लिफ्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में लिफ्ट मेंटेनेंस का काम किया।
किराये के मकान से कई दस्तावेज बरामद
पुलिस के अनुसार अतीक के मकान से पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, निवास और जाति प्रमाण पत्र सहित नौवीं कक्षा की अंकसूची बरामद हुई है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उसने इन दस्तावेजों को गलत तरीके से बनवाने की बात स्वीकार की है। हालांकि दस्तावेजों की वास्तविक वैधता की जांच संबंधित विभागों से कराई जा रही है।
20 दिन पहले जांच के दौरान आया था सामने
पुलिस के मुताबिक करीब 20 दिन पहले सिरगिट्टी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान अतीक भी पुलिस की नजर में आया था। इसके बाद टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी शुरू की।
एसटीएफ को उसके सरकंडा क्षेत्र में रहने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने सूर्या विहार कॉलोनी में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
डिपोर्टेशन की कार्रवाई जारी
फिलहाल पुलिस अतीक से पूछताछ और उसके दस्तावेजों की जांच कर रही है। उसके खिलाफ बांग्लादेश डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध व्यक्तियों या अवैध रूप से रहने वालों की जानकारी स्वयं कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को देने की अपील की है।
