बाउंड्रीवॉल और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा | पोषण वाटिका में मुनगा व हरी सब्जियां उगाने और विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने पर जोर

बच्चों की सुरक्षा और बेहतर भविष्य प्राथमिकता
रायगढ़, 13 अक्टूबर 2026: जिले के आश्रमों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, पौष्टिक भोजन, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने दिए हैं। जिला कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य, सुरक्षा, पोषण और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
कलेक्टर ने आश्रम एवं छात्रावासों के संचालन, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने छात्रावासों में बाउंड्रीवॉल, सुरक्षा गार्ड की तैनाती और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिल सके।
पोषण वाटिका में उगाई जाएंगी हरी सब्जियां
विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के लिए कलेक्टर ने आश्रमों और छात्रावासों में पोषण वाटिका विकसित करने के निर्देश दिए। इसमें मुनगा सहित विभिन्न हरी सब्जियों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने को भी कहा।
विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को केवल शैक्षणिक सुविधाएं देना पर्याप्त नहीं है। उनकी बौद्धिक क्षमता, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए भी प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने आश्रम एवं छात्रावासों में ऐसा शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया, जिससे विद्यार्थियों की प्रतिभा निखरे और उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें।
छात्रवृत्ति और शैक्षणिक योजनाओं की समीक्षा
बैठक में छात्रवृत्ति एवं शिष्यवृत्ति वितरण, जवाहर उत्कर्ष योजना के तहत प्रवेश, प्रयास विद्यालय में पुस्तकों की व्यवस्था और एकलव्य विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
इसके अलावा आवश्यक शैक्षणिक सामग्री और गणवेश वितरण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को निर्धारित सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
