घूमने गए युवक से 1,500 रुपये और आईफोन 12 मिनी लूटा, महिला मित्र का मोबाइल भी ले गए आरोपी; तीसरे की तलाश में जुटी कोतवाली पुलिस

रायगढ़, 14 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में केलो डेम के पास घूमने गए युवक और उसकी महिला मित्र से मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
महिला मित्र के साथ घूमने गया था युवक
पुलिस के मुताबिक, जोगीडीपा निवासी 22 वर्षीय सानू सारथी ने 12 अक्टूबर 2026 को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम वह अपनी महिला मित्र के साथ बुलेट मोटरसाइकिल से केलो डेम घूमने गया था।
शाम करीब 7:30 बजे जब दोनों वापस लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी वहां तीन से चार अज्ञात युवक पहुंचे। आरोप है कि युवती के साथ वहां घूमने को लेकर सवाल करते हुए आरोपियों ने सानू के साथ मारपीट शुरू कर दी।
1,500 रुपये और दो मोबाइल लूटे
शिकायत के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपियों ने युवक की जेब से 1,500 रुपये और उसका आईफोन 12 मिनी मोबाइल लूट लिया। इसके अलावा उसकी महिला मित्र का मोटोरोला कंपनी का मोबाइल भी छीन लिया गया। वारदात के बाद आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल की चाबी फेंककर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 597/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 309(4) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सीएसपी राहुल उईके और कोतवाली पुलिस को आरोपियों की जल्द पहचान कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों व गवाहों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोहेल अंसारी (23 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, रायगढ़, और रणवीर कुमार (22 वर्ष), निवासी वैशाली, बिहार, हाल मुकाम उर्दना डीपापारा, रायगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष प्रार्थी से आरोपियों की पहचान संबंधी कार्रवाई कराई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल फोन और नकदी अपने फरार साथी के पास होने की जानकारी दी है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए आगे की जांच जारी है।
