17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ रक्तदान, स्वच्छता, वृक्षारोपण और जनजागरूकता जैसी गतिविधियां होंगी

रायगढ़, 8 सितंबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान की तैयारियों और जिले में इसके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री एवं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली।
जनभागीदारी के साथ चलेगा सेवा संकल्प अभियान
प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं है, बल्कि 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करने और विकसित भारत-2047 के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लेने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गांव और वार्ड स्तर तक होंगी गतिविधियां
अभियान के दौरान राज्य से लेकर जिला, विकासखंड, ग्राम और वार्ड स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दिया उत्सव’ आयोजित होगा।
वहीं 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक बच्चों और युवाओं की भागीदारी से विकसित भारत की संकल्पना पर भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक और अन्य रचनात्मक कार्यक्रम होंगे।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 25 वर्षों की सेवा, जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज में आए सकारात्मक बदलावों पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियां विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों, सामुदायिक केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित की जाएंगी।
आंगनवाड़ी केंद्रों में भी होंगे विशेष कार्यक्रम
25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण और सामुदायिक सेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित होंगी।
इसके साथ ही ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से शासन की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के प्रेरक अनुभव और सफलता की कहानियां लोगों तक पहुंचाई जाएंगी।
सेवा गतिविधियों में कई कार्यक्रम होंगे शामिल
अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जागरूकता, योग एवं ध्यान सत्र, प्लास्टिक मुक्त अभियान, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा सहयोग और कैरियर काउंसलिंग जैसी गतिविधियां होंगी।
इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, अंगदान संकल्प, नशामुक्ति जागरूकता, पोषण, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, जल स्रोतों की सफाई, कचरा पृथक्करण एवं कंपोस्टिंग, साइबर सुरक्षा और फिट इंडिया जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
वीरगाथा एवं सैनिकों के सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता एवं पंजीयन, वोकल फॉर लोकल और सहकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी अभियान का हिस्सा होंगे।
योजनाओं के पात्र हितग्राहियों तक पहुंचेगा प्रशासन
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपनी गतिविधियों की स्पष्ट, व्यवस्थित और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें। संबंधित विभाग अपने क्षेत्र की योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की सूची तैयार कर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करें।
उन्होंने प्रभावी जनजागरूकता, सूचना प्रसार और स्थानीय स्तर पर लगातार संवाद को अभियान की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया।
फोटो-वीडियो और सफलता की कहानियों का होगा संकलन
अभियान की गतिविधियों की नियमित निगरानी और रिपोर्टिंग की जाएगी। कार्यक्रमों के फोटो, वीडियो और जनजीवन में आए सकारात्मक बदलावों से जुड़ी वास्तविक प्रेरक कहानियों का व्यवस्थित संकलन किया जाएगा। इन्हें सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के जरिए व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
अच्छी और प्रभावी गतिविधियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
कलेक्टर ने मिशन मोड में काम करने के दिए निर्देश
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि अभियान के सफल संचालन के लिए सभी विभागीय अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को अभियान को गंभीरता से लेते हुए मिशन मोड में कार्य करने और प्रत्येक गतिविधि का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से फोटो, वीडियो और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े वास्तविक प्रेरक अनुभवों का नियमित संकलन करने को भी कहा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविंद्र गबेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, अरुणधर दीवान, विकास केडिया सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय, डिप्टी कलेक्टर शिल्पा भगत सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
